IPL की सबसे बड़ी ‘रॉयल’ डील: मित्तल और पूनावाला ने ₹13,800 करोड़ में खरीदी राजस्थान रॉयल्स
IPL की सबसे बड़ी ‘रॉयल’ डील: मित्तल और पूनावाला ने ₹13,800 करोड़ में खरीदी राजस्थान रॉयल्स
मुंबई/जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। राजस्थान रॉयल्स, जो अपनी कम लागत और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जानी जाती थी, अब दुनिया की सबसे मूल्यवान स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी में से एक बन गई है। दिग्गज उद्योगपति लक्ष्मी एन. मित्तल और सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने मिलकर इस टीम को 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹13,800 करोड़) की भारी-भरकम राशि में खरीद लिया है।
काल सोमानी की डील हुई फेल, मित्तल परिवार की एंट्री
इससे पहले खबर आई थी कि भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी के कंसोर्टियम ने 1.63 बिलियन डॉलर में टीम को खरीदने का समझौता किया था। हालांकि, पैसों के लेन-देन और पेमेंट शर्तों के कारण वह डील अंतिम समय में अटक गई। इसी मौके को भुनाते हुए मित्तल परिवार ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर इस मेगा ट्रांजेक्शन को अंजाम दिया।
मालिकाना हक का नया गणित
इस सौदे के बाद राजस्थान रॉयल्स का मालिकाना हक पूरी तरह बदल गया है:
मित्तल परिवार (लक्ष्मी और आदित्य मित्तल): 75 प्रतिशत हिस्सेदारी (मुख्य मालिक)।
अदार पूनावाला: 18 प्रतिशत हिस्सेदारी।
मनोज बडाले और पुराने निवेशक: लगभग 7 प्रतिशत हिस्सेदारी।
यह डील केवल भारतीय टीम तक सीमित नहीं है। अब नए मालिकों के पास पार्ल रॉयल्स (SA20) और बारबाडोस रॉयल्स (CPL) का भी मालिकाना हक होगा।
”राजस्थान से है पुराना नाता” – लक्ष्मी मित्तल
डील के बाद जारी प्रेस रिलीज में लक्ष्मी एन. मित्तल ने भावुक होते हुए कहा:
”मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है। चूंकि मेरा परिवार मूल रूप से राजस्थान से ही ताल्लुक रखता है, इसलिए मेरे लिए राजस्थान रॉयल्स से बेहतर कोई और टीम हो ही नहीं सकती थी। मैं इस लेगेसी को आगे ले जाने के लिए उत्साहित हूँ।”
वहीं, आदित्य मित्तल ने जोर दिया कि टीम का मुख्य फोकस नए टैलेंट को तराशने पर बना रहेगा। बेंगलुरु टीम की दौड़ में रह चुके अदार पूनावाला ने इसे एक ग्लोबल स्पोर्ट्स संस्था बनाने का संकल्प लिया है।
कब पूरी होगी प्रक्रिया?
यह ऐतिहासिक डील 2026 की तीसरी तिमाही (Q3) तक पूरी होने की उम्मीद है। हालांकि, इसके लिए अभी BCCI, IPL गवर्निंग काउंसिल और CCI (भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग) जैसी नियामक संस्थाओं से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।
नए बोर्ड में लक्ष्मी मित्तल, आदित्य मित्तल, वनीशा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और पुराने प्रमोटर मनोज बडाले शामिल होंगे। इस बदलाव के बाद माना जा रहा है कि IPL 2027 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स सबसे ज्यादा ‘पावरफुल’ टीम के रूप में उभरेगी।
