AI समिट में युथ कांग्रेस प्रदर्शन पर अध्यक्ष उदयभानु चिब गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 20 फरवरी 2026 को भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट (AI Impact Summit) के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन से जुड़े मामले में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ युवा कांग्रेस सदस्यों ने शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा राजनीतिक संदेश वाली टी-शर्ट्स दिखाईं। इस घटना में विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हंगामा मचाने का आरोप है। पुलिस ने इसे आपराधिक साजिश, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, ड्यूटी में बाधा डालने और अवज्ञा जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
उदय भानु चिब को 23 फरवरी को तिलक मार्ग थाने में लगभग 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद मंगलवार (24 फरवरी 2026) की सुबह करीब 4:30 बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और उन्हें इस प्रदर्शन का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। यह मामले में अब तक की आठवीं गिरफ्तारी है। पहले ही कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली, ग्वालियर और अन्य जगहों से पकड़ा जा चुका है।
पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस ने उदय भानु चिब की रिमांड मांगी है। कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस सांसद सासिकांत सेंथिल ने इसे “अंग्रेजों जैसा शासन” करार दिया और कहा कि सरकार असहमति और सवालों से डर रही है।
यह घटना राजनीतिक विवाद का विषय बन गई है, जहां सत्ताधारी दल इसे राष्ट्रीय छवि खराब करने की साजिश बता रहा है, जबकि विपक्ष इसे लोकतंत्र पर हमला करार दे रहा है।
