अंकिता भंडारी केस में VIP विवाद: दुष्यंत गौतम ने वीडियो को बताया फर्जी, सरकार से हटाने की मांग
अंकिता भंडारी केस में VIP विवाद: दुष्यंत गौतम ने वीडियो को बताया फर्जी, सरकार से हटाने की मांग
देहरादून: उत्तराखंड के 2022 के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर सियासी बवाल मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और ऑडियो में ‘गट्टू’ नाम के व्यक्ति का जिक्र कर अंकिता की हत्या से जोड़ा जा रहा है, जिसे कुछ लोग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम से लिंक कर रहे हैं। इस पर दुष्यंत गौतम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
गौतम ने 25 दिसंबर को उत्तराखंड के गृह सचिव शैलेश बागोली को पत्र लिखकर इन वीडियो-ऑडियो को ‘फर्जी, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण’ बताया। उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि धूमिल करने और सामाजिक-राजनीतिक जीवन को नुकसान पहुंचाने की आपराधिक साजिश है। गौतम ने सरकार से तुरंत कार्रवाई कर इन सामग्रियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब आदि) और न्यूज चैनलों से हटाने की मांग की। पत्र में उन्होंने उन अकाउंट्स और चैनलों की लिस्ट भी दी, जहां यह कंटेंट फैलाया जा रहा है।
विवाद की जड़ उर्मिला सनावर का वायरल वीडियो है, जो खुद को हरिद्वार के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। वीडियो में उन्होंने ‘गट्टू’ को अंकिता हत्याकांड से जोड़ा और VIP एंगल का दावा किया। गौतम ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे 47 साल से उत्तराखंड के लोगों की सेवा कर रहे हैं और ऐसे झूठे आरोप उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा रहे हैं।
इस बीच, उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ हरिद्वार में FIR दर्ज हो चुकी है, जिसमें उन्हें गौतम की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस ने मामले की CBI जांच की मांग की है, जबकि भाजपा इसे राजनीतिक साजिश बता रही है। अंकिता भंडारी केस में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य सहित तीन दोषियों को मई 2025 में उम्रकैद की सजा हो चुकी है। क्या यह विवाद नई जांच का रास्ता खोलेगा? फिलहाल सियासत गरमाई हुई है।
