राष्ट्रीय

दिल्ली फिर बनी ‘गैस चैंबर’: AQI 401 पहुंचा, कई इलाकों में ‘सीवियर’ लेवल, GRAP-3 लागू

दिल्ली फिर बनी ‘गैस चैंबर’: AQI 401 पहुंचा, कई इलाकों में ‘सीवियर’ लेवल, GRAP-3 लागू

नई दिल्ली, 13 दिसंबर 2025: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर घने स्मॉग की चादर में लिपट गई है। शनिवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 401 तक पहुंच गया, जो ‘सीवियर’ कैटेगरी में आता है। कम हवा की रफ्तार और स्थिर मौसम के कारण प्रदूषक तत्व फैल नहीं पा रहे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 21 से अधिक मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया।

सबसे खराब हालात वजीरपुर में हैं, जहां AQI 445 तक पहुंचा। इसके अलावा जहांगीरपुरी (439), विवेक विहार (437), रोहिणी और आनंद विहार (434), अशोक विहार (431), नेरेला (425), बवाना (424), नेहरू नगर (421), पटपड़गंज (419), ITO (417), पंजाबी बाग (416), मुंडका (415) और बुराड़ी क्रॉसिंग (413) जैसे इलाकों में हवा ‘सीवियर’ श्रेणी में है। सुबह घने स्मॉग से विजिबिलिटी कम हो गई, जिसके चलते इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी प्रक्रिया शुरू की गई, हालांकि फ्लाइट्स सामान्य रूप से चल रही हैं।

इस बिगड़ते हालात को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने पूरे NCR में GRAP स्टेज-3 तुरंत लागू कर दिया है। इसमें BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल व्हीकल्स पर बैन, कंस्ट्रक्शन एक्टिविटी पर रोक और अन्य इमरजेंसी उपाय शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहनों से निकलने वाला धुआं और औद्योगिक उत्सर्जन मुख्य कारण हैं।

डॉक्टर्स ने सलाह दी है कि बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीज बाहर निकलने से बचें और मास्क पहनें। रविवार तक स्थिति और खराब हो सकती है। दिल्लीवासियों के लिए यह सर्दियों की सालाना चुनौती बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *