‘मैं लियोनेल मेसी और फैंस से दिल से माफी मांगती हूं’: सॉल्ट लेक स्टेडियम हंगामे पर CM ममता बनर्जी का भावुक पोस्ट, जांच कमेटी गठित
‘मैं लियोनेल मेसी और फैंस से दिल से माफी मांगती हूं’: सॉल्ट लेक स्टेडियम हंगामे पर CM ममता बनर्जी का भावुक पोस्ट, जांच कमेटी गठित
कोलकाता, 13 दिसंबर 2025: अर्जेंटीना के फुटबॉल लीजेंड लियोनेल मेसी के ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के कोलकाता चरण में सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई अव्यवस्था और हंगामे के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर मेसी और हजारों फैंस से माफी मांगी तथा घटना की उच्चस्तरीय जांच का ऐलान किया।
ममता बनर्जी ने X पर लिखा, “आज सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई कुप्रबंधन से मैं बेहद व्यथित और स्तब्ध हूं। मैं खुद हजारों खेल प्रेमियों और फैंस के साथ स्टेडियम जा रही थी, ताकि अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेसी की एक झलक देख सकें। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं लियोनेल मेसी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके फैंस से तहे दिल से माफी मांगती हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि रिटायर्ड जस्टिस आशिम कुमार राय की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की जा रही है, जिसमें चीफ सेक्रेटरी और एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (होम) सदस्य होंगे। समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी, जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगी। पोस्ट के अंत में उन्होंने दोबारा सभी खेल प्रेमियों से दिल से माफी मांगी।
घटना में मेसी की मात्र 20-22 मिनट की उपस्थिति और खराब प्रबंधन से नाराज फैंस ने कुर्सियां तोड़ीं, बोतलें फेंकीं और तोड़फोड़ की। कई फैंस ने 5-20 हजार रुपये के टिकट खरीदे थे, लेकिन मेसी को ठीक से नहीं देख पाए। कार्यक्रम बीच में रोकना पड़ा और मेसी को जल्दी निकालना पड़ा। मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को हिरासत में लिया गया है।
यह घटना कोलकाता की फुटबॉल दीवानगी के लिए शर्मनाक बताई जा रही है। मेसी हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं, जहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
