चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ ने श्रीलंका को पार किया, साउथ इंडिया में मूसलाधार बारिश की दहशत: तमिलनाडु-पुडुचेरी में रेड अलर्ट
चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ ने श्रीलंका को पार किया, साउथ इंडिया में मूसलाधार बारिश की दहशत: तमिलनाडु-पुडुचेरी में रेड अलर्ट
श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ अब साउथ इंडिया के तटों की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान ने श्रीलंका के पूर्वी तट को पार करते हुए उत्तर की ओर बढ़ते हुए तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के करीब पहुंच गया है। रविवार सुबह 5:20 बजे जारी बुलेटिन में IMD ने कहा कि तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में केंद्रित है, जो वेदारन्नियम से 100 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व, कराईकल से 80 किमी पूर्व, पुडुचेरी से 160 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से 250 किमी दक्षिण में स्थित है। तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे दक्षिण भारत में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
श्रीलंका में ‘दित्वा’ ने कहर बरपाया है, जहां मौतों का आंकड़ा 153 से पार हो गया है, जबकि 191 लोग लापता हैं। कोलंबो और आसपास के इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और उफनते नदियों ने 2 लाख से ज्यादा लोगों को प्रभावित किया। रविवार को भी केंद्रीय और उत्तरी हिस्सों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश की चेतावनी जारी है। देशव्यापी इमरजेंसी घोषित कर दी गई है, और रेल सेवाएं ठप हैं। भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत तत्काल सहायता भेजी – IAF ने 21 टन राहत सामग्री, 80 NDRF जवान और 8 टन उपकरण कोलंबो पहुंचाया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने श्रीलंका को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
भारत में तूफान का असर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश पर पड़ रहा है। IMD ने तमिलनाडु के उत्तरी जिलों (चेन्नई, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम, तिरुवन्नमलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, चेगलपट्टू, रानिपेट, तिरुपत्तूर, तेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी) और पुडुचेरी में रेड अलर्ट जारी किया है। रविवार (30 नवंबर) को उत्तरी तमिलनाडु में भारी बारिश जारी रहेगी, लेकिन सोमवार (1 दिसंबर) से हवाएं और वर्षा कमजोर पड़ने लगेंगी। आंध्र प्रदेश के कई जिलों में 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी है। तमिलनाडु में अब तक तीन मौतें हो चुकी हैं, और तेज वर्षा ने कई इलाकों में जलभराव पैदा कर दिया।
प्रभावित राज्य और अलर्ट:
तमिलनाडु: रेड अलर्ट, 150 NDRF जवान विल्लुपुरम पहुंचे। स्कूल-कॉलेज बंद, 54 उड़ानें रद्द। सीएम एमके स्टालिन ने श्रीलंका को भोजन-दवा मदद का ऐलान किया। 177 तमिलनाडु के यात्री सुरक्षित लौटे।
पुडुचेरी: मध्यम वर्षा, बाढ़ चेतावनी।
आंध्र प्रदेश: दक्षिणी तटों पर हाई अलर्ट, चार दिनों तक भारी बारिश।
केरल: 300 यात्री कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे, सीएम पिनारायी विजयन ने MEA से मदद मांगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दक्षिणी रेलवे की समीक्षा की, वॉर रूम सक्रिय। इंडिगो ने चेन्नई, त्रिची, तूतीकोरिन आदि के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। तूफान का कोई लैंडफॉल नहीं होगा, लेकिन वर्षा और हवाओं से सतर्क रहें। IMD ने मछुआरों को समुद्र न उतरने की सलाह दी। राहत कार्य तेज, लेकिन साउथ इंडिया में दहशत का माहौल है। अपडेट्स के लिए बने रहें!
