Tuesday, June 30, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

दिल्ली के ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग, सांसदों के आवास में हड़कंप: 6 दमकल गाड़ियां मौके पर

दिल्ली के ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग, सांसदों के आवास में हड़कंप: 6 दमकल गाड़ियां मौके पर

राजधानी दिल्ली के गोल मार्केट इलाके में स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर एक भीषण आग लग गई, जिससे सांसदों के आवासों में अफरा-तफरी मच गई। यह अपार्टमेंट राज्यसभा सांसदों के लिए आवंटित आवास कॉम्प्लेक्स है, जो संसद भवन से महज 200 मीटर दूर डॉ. बिशंभर दास मार्ग पर स्थित है। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी, और छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दिल्ली फायर सर्विसेज के एडिशनल डीओ भूपेंद्र ने बताया कि आग की सूचना दोपहर 1:22 बजे मिली, जिसके बाद छह फायर टेंडर और रेस्क्यू व्हीकल तैनात कर दिए गए। आग अपार्टमेंट के एक फ्लोर से शुरू हुई और तेजी से फैल गई, लेकिन अब तक किसी जानमाल की हानि की खबर नहीं है। एक निवासी विनोद ने बताया, “मेरा कुत्ता अंदर फंस गया था। बेटी की शादी आने वाली है, सारा गहना-कपड़े सब अंदर ही रह गया। मेरा घर तीसरी मंजिल पर है।” आग बुझाने के प्रयास जारी हैं, और आसपास के इलाकों में धुआं फैलने से हलचल मच गई।

राज्यसभा सांसदों के आवास होने से कई सांसदों के परिवार प्रभावित हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने सोशल मीडिया पर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा, “संसद से 200 मीटर दूर सांसदों के फ्लैट में आग लगी है। दमकल विभाग ने कॉल आने के 30 मिनट बाद भी रिस्पॉन्स नहीं किया। दिल्ली सरकार को शर्म आनी चाहिए।” गोखले ने वीडियो शेयर कर फायर ब्रिगेड की लेट लतीफी पर सवाल उठाए।

कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या गैस लीक की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली पुलिस और फायर विभाग ने पूरे इलाके को घेर लिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि पुरानी बिल्डिंग होने से आग तेजी से फैल सकती है। अपडेट्स का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *