उत्तराखंड पेपर लीक पर प्रियंका गांधी का तीखा प्रहार: ‘बच्चे 15-15 घंटे पढ़ाई कर रहे और ये 15-15 लाख में पेपर बेच रहे
उत्तराखंड पेपर लीक पर प्रियंका गांधी का तीखा प्रहार: ‘बच्चे 15-15 घंटे पढ़ाई कर रहे और ये 15-15 लाख में पेपर बेच रहे
उत्तराखंड में जारी पेपर लीक कांड पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को केंद्र और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लिखा “हम लाइब्रेरी में 15-15 घंटे पढ़ रहे हैं, ये 15-15 लाख में पेपर बेच रहे हैं”।” यह बयान हाल ही में उत्तराखंड पुलिस द्वारा दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद आया है, जिन पर अभ्यर्थियों को सफलता का वादा कर 12-15 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। प्रियंका ने इसे ‘युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़’ बताया.
प्रियंका के बयान का वीडियो एक अभ्यर्थी का है, जिसमें वह पेपर लीक के कारण अपनी मेहनत बर्बाद होने का दर्द बयां कर रहा है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट में लिखा, हम लाइब्रेरी में 15-15 घंटे पढ़ रहे हैं, ये 15-15 लाख में पेपर बेच रहे हैं” यह सिर्फ एक युवक का नहीं, उत्तराखंड समेत देश के अधिकांश युवाओं का दर्द है। आज बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी समस्या है, क्योंकि उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत जहां भी भाजपा सरकार में है, वहां बड़े पैमाने पर पेपर लीक हो रहे हैं। परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहा है और प्रधानमंत्री जी मूकदर्शक बने हुए हैं।
यह मामला उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षाओं से जुड़ा है, जहां हाल के वर्षों में कई पेपर लीक के केस सामने आ चुके हैं। पुलिस ने हाकम सिंह और पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया है, लेकिन संगठित गिरोह की पुष्टि नहीं हुई है। अब तक 15 से अधिक लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, और करीब 50 अभ्यर्थी ऐसे पाए गए हैं जिनका चयन लीक के जरिए हुआ।
कांग्रेस का कहना है कि यह घोटाला भाजपा सरकार की नाकामी का प्रतीक है। प्रियंका ने पहले भी यूपी और अन्य राज्यों के पेपर लीक पर सरकार को घेरा था, जहां उन्होंने भर्ती विधेयक का जिक्र किया था। विपक्ष ने मांग की है कि प्रभावित परीक्षाओं को रद्द किया जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि पेपर लीक की यह समस्या देशव्यापी है, जो युवाओं में बेरोजगारी और अवसाद को बढ़ावा दे रही है। प्रियंका का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां लाखों यूजर्स इसे शेयर कर सरकार से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
