मनोरंजन

मुंबईः रागिनी MMS एक्ट्रेस करिश्मा शर्मा अस्पताल से हुईं डिस्चार्ज, चलती लोकल ट्रेन से कूदी थी

‘रागिनी एमएमएस रिटर्न’ और ‘प्यार का पंचनामा’ जैसी फिल्मों में नजर आईं एक्ट्रेस करिश्मा शर्मा पिछले दिनों एक हादसे के चलते सुर्खियों में आ गईं। एक्ट्रेस हाल ही में एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने साथ हुए हादसे की जानकारी दी थी और बताया कि मुंबई की लोकल ट्रेन से कूदने के चलते वह घायल हो गईं। इस हादसे में उनके पैर-हाथ और सिर में चोटें आई थीं, जिसके चलते करिश्मा अस्पताल में भर्ती थीं। हालांकि, अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज मिल चुका है। इसकी जानकारी भी खुद करिश्मा ने दी है।

करिश्मा शर्मा अस्पताल से हुईं डिस्चार्ज

लोकल ट्रेन से कूदने के बाद गंभीर रूप से घायल हुईं करिश्मा शर्मा को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। करिश्मा ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी। इस नोट को शेयर करते हुए उन्होंने एक फोटो शेयर की और बताया कि आखिरकार उन्हें छुट्टी मिल गई है।

करिश्मा शर्मा का पोस्ट

करिश्मा शर्मा ने अपने हालिया पोस्ट में लिखा- ‘हैलो दोस्तों, मैं बस ये बताना चाहती थी कि आखिरकार मुझे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टर ने बताया कि कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है, लेकिन ठीक होने तक मुझे कुछ समय तक दर्द जरूर महसूस होगा। ये वाकई एक मुश्किल और डरावना अनुभव था, लेकिन आप सभी का प्यार, दुआएं और साथ पाकर मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत महसूस कर रही हूं। सच कहूं तो, इसी ने मुझे इससे उबरने की ताकत दी।’

हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई पहुंचीं करिश्मा की मां

करिश्मा शर्मा ने आगे बताया की जैसे ही उनकी मां को उनके साथ हुए हादसे का पता चला, वह पहली फ्लाइट पकड़कर उनके पास आ गईं। एक्ट्रेस ने लिखा- ‘अपनी मां को भी नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने अगली ही फ्लाइट पकड़ ली और मुझे बहुत हिम्मत दी। मेरे साथ रहने के लिए आपका बहुत-बहुत शुक्रिया – यह वाकई मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’

करिश्मा शर्मा कैसे हुईं हादसे का शिकार?

करिश्मा ने हाल ही में अपने साथ हुए हादसे की जानकारी दी थी, जिसमें उन्होंने बताया कि शूटिंग के सिलसिले में उन्होंने साड़ी पहन रखी थी और जैसे ही वह ट्रेन में चढ़ी, उसकी रफ्तार अचानक तेज हो गई। करिश्मा ने देखा कि उनके दोस्त ट्रेन में चढ़ने में असमर्थ रहे। घबराकर उन्होंने चलती ट्रेन से कूदने का फैसला किया, जिससे वह पीठ के बल गिर गईं। करिश्मा ने बताया कि इस हादसे में उन्हें सिर में गहरी चोट आई है, पीठ में दर्द है और शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। डॉक्टरों ने सिर की चोट की गंभीरता को देखते हुए एमआरआई कराने की सलाह दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *