राष्ट्रीय

यूपी में 10 दिन की बच्ची को जिंदा दफनाया: खून से सना हाथ बाहर था

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 10 दिन की मासूम बच्ची को गड्ढा खोदकर जिंदा दफना दिया गया. संयोग से बच्ची का एक हाथ मिट्टी से बाहर था और वहीं से खून भी निकल रहा था. उसकी दर्दभरी रोने की आवाज सुनकर बकरी चरा रहे बच्चे ने उसे देखा और ग्रामीणों को सूचना दी.

घटना थाना जैतीपुर क्षेत्र के गौहापुर गांव के पास बहगुल नदी किनारे की है. रविवार सुबह ग्रामीण डबलू बकरियां चरा रहा था, तभी उसे रोने की आवाज सुनाई दी. पास जाकर देखा तो गड्ढे से बच्ची का हाथ बाहर निकला हुआ था. उसने गांव वालों को बताया, जिसके बाद सब मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी.

बच्ची के मुंह और नाक में मिट्टी भरी हुई थी. उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन सिंह के मुताबिक, बच्ची बेहद कमजोर है और उसका वजन भी बहुत कम है. प्राथमिक इलाज के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल भिजवाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है. सीओ ज्योति यादव ने बताया कि बच्ची लगभग 10–15 दिन की लग रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और क्षेत्र के अस्पतालों में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि हाल ही में किस परिवार में बच्ची का जन्म हुआ.

जिंदा बच्ची को मिट्टी में दफनाने का यह मामला पूरे इलाके में सनसनी का विषय बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस किसी ने भी यह कृत्य किया है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और पुलिस उसके परिजनों की तलाश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *