राजनीति

संविधान की आवाज दबाने के लिए की जा रही वोट की चोरी, वोट अधिकार यात्रा में बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी बोले- प्रधानमंत्री मोदी और चुनाव आयोग जनता से वोट का अधिकार छीनकर संविधान पर आक्रमण कर रहे

प्रधानमंत्री पर किया पलटवार, कहा- लोकसभा चुनाव, महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में धांधली पर क्यों चुप हैं मोदी

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि संविधान ने एक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार दिया है, लेकिन नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग जनता से वोट छीनकर संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं।

राहुल गांधी शुक्रवार को बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के छठे दिन भागलपुर में हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ को संबोधित कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनके साथ खुली जीप में राजद नेता तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी, दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम सहित इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता सवार थे। दिनभर यात्रा का नजारा बेहद उत्साहजनक था। सड़कों पर चारों ओर जनसैलाब नजर आ रहा था। सैकड़ों जगह स्थानीय निवासियों ने राहुल गांधी पर फूल बरसाए और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा भी जमकर गूंजा।

युवाओं की नब्ज छूते हुए राहुल गांधी ने वोट चोरी के साथ-साथ बेरोजगारी के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। जनसभा में उन्होंने पूर्व अग्निवीर अमरनाथ जायसवाल का परिचय देते हुए कहा कि देश की सेवा करते हुए उनका हाथ क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उनकी कोई मदद नहीं की जा रही है। उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है, घर भेज दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के रोजगार के लिए सभी विकल्प और रास्ते बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले देश के लाखों युवा सेना में जाते थे। वे देश की रक्षा करते थे, रिटायरमेंट के बाद उन्हें पेंशन मिलती थी। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में बेरोजगारी है। युवा परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाता है। मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी से छोटे व्यवसायों को भी नष्ट कर दिया, जिससे व्यापक बेरोजगारी फैल गई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के खिलाफ काम करती है।

राहुल गांधी ने कहा कि आजादी से पहले गरीबों, किसानों, मजदूरों व दलित एवं ओबीसी समुदाय के लोगों को दबाया जाता था और उन्हें कोई मौका नहीं दिया जाता था। संविधान की प्रति दिखाते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान ने सभी को बराबरी का अधिकार दिया। कोई किसी भी जाति या धर्म का हो, संविधान ने एक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार दिया है। लेकिन नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग मिलकर जनता का वोट चोरी कर रहे हैं। वोट चोरी इसलिए की जा रही है क्योंकि सरकार जानती है कि लोगों की शक्ति और आवाज उनके वोट में है। यह संविधान डॉ. अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे नेताओं के खून-पसीने से बना है और अब इसे मिटाने की कोशिश की जा रही है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि बिहार में एसआईआर के जरिए मोदी सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और अन्य सहयोगी दलों के समर्थकों के वोट काट रही है। उन्होंने एक कांग्रेस समर्थक का उदाहरण दिया, जिसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव, महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद अब बिहार में वोट चोरी करने की साजिश हो रही है, लेकिन इंडिया गठबंधन एक भी वोट चोरी नहीं होने देगा।

शुक्रवार को बिहार दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की एसआईआर से जुड़ी टिप्पणी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोर महाराज आज गया आए और एसआईआर की बात की। उन्होंने पूछा कि लोकसभा चुनाव, महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में हुई धांधली पर मोदी चुप क्यों हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *