दुबई से तेल अवीव आ रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट सऊदी अरब में सुरक्षित उतरी, पायलटों के विवाद के बीच टला बड़ा हादसा
दुबई से तेल अवीव आ रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट सऊदी अरब में सुरक्षित उतरी, पायलटों के विवाद के बीच टला बड़ा हादसा
दुबई से 150 से ज्यादा यात्रियों को लेकर इजरायल के तेल अवीव आ रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट को लेकर बुधवार को बड़ा ड्रामा देखने को मिला। विमान के सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। शुरुआती दौर में इस फ्लाइट के हाइजैक होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद इजरायल से लेकर दुबई तक हड़कंप मच गया था। इजरायली सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यह घटना वास्तव में कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई बहस और हाथापाई का परिणाम थी, जिसके चलते विमान से “गैर-कानूनी दखल” और इमरजेंसी सिग्नल जारी किए गए थे।
कॉकपिट में विवाद और ‘नोज डाइव’ की स्थिति
स्थानीय मीडिया और यात्रियों की सोशल मीडिया पोस्ट्स के हवाले से यह दावा किया गया है कि एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी। हालांकि, समय रहते विमान में मौजूद दूसरे पायलट, अन्य क्रू मेंबर्स और इजरायली यात्रियों ने मिलकर सूझबूझ दिखाई और जोर-जबरदस्ती कर पायलट को काबू में किया, जिससे एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया।
पब्लिक डेटा के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे की ओर (नोज डाइव) गया। इसकी गति 411 नॉट से बढ़कर करीब 600 नॉट हो गई और यह एक मिनट से भी कम समय में 34,000 फीट की ऊंचाई से गिरकर लगभग 17,000 फीट पर आ गया। इसके बाद भी विमान लगभग एक घंटे तक अस्थिर स्थिति में रहा, जिससे संकेत मिलता है कि इसे मैनुअल तरीके से नियंत्रित किया जा रहा था। इस दौरान फ्लाइट के भीतर अफरातफरी का माहौल रहा और सोशल मीडिया पर आई एक तस्वीर में यात्री की टी-शर्ट पर खून के धब्बे भी देखे गए।
इमरजेंसी सिग्नल और इजरायली वायु सेना की कार्रवाई
विमान ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद पहले अंतरराष्ट्रीय इमरजेंसी सिग्नल ‘स्क्वॉक कोड 7700’ भेजा। इसके कुछ समय बाद कुछ ट्रैकिंग वेबसाइट्स पर ‘7500 कोड’ भी नजर आया, जो आमतौर पर हाइजैकिंग या गैर-कानूनी दखल के दौरान इस्तेमाल किया जाता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इजरायली वायु सेना ने तुरंत फाइटर जेट्स को प्लेन की ओर रवाना कर दिया था और कुछ समय के लिए इजराइल का एयरस्पेस भी बंद कर दिया गया था।
शीर्ष अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक और पीएम कार्यालय का बयान
घटना की गंभीरता को भांपते हुए आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में इजरायली वायु सेना प्रमुख मेजर जनरल ओमर टिशलर, ऑपरेशन्स डायरेक्टरेट के प्रमुख मेजर जनरल इत्जिक कोहेन और इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट के प्रमुख मेजर जनरल श्लोमी बाइंडर शामिल हुए।
विमान के सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड होने के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फ्लाईदुबई ने सऊदी अरब में फंसे यात्रियों को वापस तेल अवीव लाने के लिए दूसरा विमान भेज दिया है। पायलटों के बीच हुई इस हाथापाई और विमान क्रैश करने की कोशिश के दावों की आधिकारिक जांच की प्रतीक्षा है।
