राष्ट्रीय

कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी: प्रोजेक्ट चीता के 4 साल पूरे होने पर मादा चीता ने दिए 4 नए शावकों को जन्म, देश में चीतों की संख्या हुई 56

कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी: प्रोजेक्ट चीता के 4 साल पूरे होने पर मादा चीता ने दिए 4 नए शावकों को जन्म, देश में चीतों की संख्या हुई 56

​भारत में ‘प्रोजेक्ट चीता’ के चार साल पूरे होने के मौके पर मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक बेहद उत्साहजनक खबर सामने आई है। भारत में ही जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार नए शावकों को जन्म दिया है। इन नन्हें मेहमानों के आने के साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 56 हो गई है, जिससे कूनो में चीता कुनबे के सफल विस्तार की उम्मीदें और अधिक मजबूत हो गई हैं।

​केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने दी बधाई

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह खुशखबरी साझा करते हुए प्रोजेक्ट चीता और कूनो नेशनल पार्क की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने लिखा, “प्रोजेक्ट चीता के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक और खुशी का पल! भारत के चीता प्रोजेक्ट के चार साल पूरे होने के एक दिन बाद, भारत में जन्मी मादा चीता केजीपी12 ने कूनो में चार शावकों को जन्म दिया है। चार साल, चार नई जिंदगियां, यह उम्मीद, हिम्मत और भारत में चीता संरक्षण की बढ़ती सफलता का एक शानदार प्रतीक है।”

​कूनो नेशनल पार्क में चीतों की वर्तमान स्थिति:

​कुल संख्या: कूनो नेशनल पार्क में वर्तमान में कुल 49 चीते मौजूद हैं।

​खुले वन क्षेत्र में: इनमें से 17 चीते (10 नर और 7 मादा) खुले जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहे हैं।

​सॉफ्ट रिलीज बाड़े: कूनो में 32 चीते (5 नर, 8 मादा और एक साल से कम उम्र के शावक) सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में रखे गए हैं।

​इसके अलावा, मध्य प्रदेश के गांधी सागर अभयारण्य में भी 3 चीते मौजूद हैं, जिससे राज्य में चीता पुनर्स्थापना कार्यक्रम लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। भारत की धरती पर चीतों का जन्म लेना इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सफलता का एक बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *