अमेरिका ने सऊदी अरब के लिए जारी की नई यात्रा एडवाइजरी: यमन सीमा के पास जाने पर लगाई पाबंदी, आतंकवाद और ड्रोन हमलों का है खतरा
अमेरिका ने सऊदी अरब के लिए जारी की नई यात्रा एडवाइजरी: यमन सीमा के पास जाने पर लगाई पाबंदी, आतंकवाद और ड्रोन हमलों का है खतरा
अमेरिका ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए उन्हें यमन की सीमा से दूर रहने की सख्त नसीहत दी है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को सऊदी अरब के लिए यात्रा एडवाइजरी को लेवल-3 (यात्रा पर पुनर्विचार) की श्रेणी में बरकरार रखा है, जबकि यमन से लगी सीमा वाले इलाकों के लिए लेवल-4 (यात्रा न करें) की चेतावनी जारी की है। दूतावास के अनुसार, इस क्षेत्र में आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष का गंभीर खतरा बना हुआ है।
एडवाइजरी के मुख्य बिंदु और खतरे:
यमन सीमा पर ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा: यमन में सक्रिय सशस्त्र समूहों और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के सीमावर्ती शहरों व अन्य ठिकानों को ड्रोन, मिसाइल और रॉकेट से निशाना बनाया है। हाल ही में 15 सितंबर को सऊदी वायु रक्षा ने मक्का के दक्षिण में एक हूती ड्रोन को रोककर नष्ट किया था।
प्रमुख जोखिम: अमेरिकी विदेश विभाग ने सऊदी अरब के लिए जारी एडवाइजरी में ईरानी ड्रोन व मिसाइल हमलों, सशस्त्र संघर्ष, आतंकवाद, देश छोड़ने पर प्रतिबंध (एग्जिट बैन) और सोशल मीडिया से जुड़े कड़े स्थानीय कानूनों को प्रमुख जोखिमों के रूप में गिनाया है। ऊर्जा ढांचे और सैन्य ठिकानों के पास रहने वाले लोगों के लिए यह खतरा और अधिक बताया गया है।
सरकारी कर्मचारियों पर प्रतिबंध: अमेरिकी सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए भी कड़े नियम लागू किए हैं। उन्हें यमन सीमा से 20 मील के दायरे में जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा, जिजान, असीर, नजरान और कातिफ प्रांतों की यात्रा के लिए विशेष अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। इन सुरक्षा जोखिमों के चलते आपातकालीन सहायता देने की अमेरिकी सरकार की क्षमता भी सीमित है।
स्थानीय कानूनों और सोशल मीडिया को लेकर चेतावनी:
अमेरिका ने अपने नागरिकों को सऊदी अरब के स्थानीय कानूनों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर: एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर सरकार, उसके नेताओं या नीतियों की आलोचना करने वाली कोई भी पोस्ट, री-पोस्ट या लाइक करने पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
एग्जिट बैन का जोखिम: नागरिकों को आपराधिक, दीवानी, पारिवारिक या वित्तीय विवादों के चलते देश से बाहर जाने पर लगने वाले प्रतिबंधों (एग्जिट बैन) के प्रति भी आगाह किया गया है।
बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और हालिया अलर्ट को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों से सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
