वायुसेना छोड़ कमर्शियल पायलट बने अभिनंदन वर्धमान, गोवा की एयरलाइन FLY91 से जुड़े
वायुसेना छोड़ कमर्शियल पायलट बने अभिनंदन वर्धमान, गोवा की एयरलाइन FLY91 से जुड़े
2019 में पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने के बाद आए थे सुर्खियों में, वीर चक्र से हो चुके हैं सम्मानित
गोवा। भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान अब कमर्शियल पायलट के तौर पर नई पारी शुरू कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने भारतीय वायुसेना से अलग होने के बाद गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 जॉइन कर ली है। सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, अभिनंदन अगस्त में एयरलाइन से बतौर पायलट जुड़े थे।
हालांकि, उन्होंने वायुसेना से कब और किन कारणों से सेवानिवृत्ति ली, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
2019 में पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने के बाद चर्चा में आए
अभिनंदन वर्धमान वर्ष 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। उस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी लड़ाकू विमान F-16 को मार गिराया था। इसके बाद उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उन्हें पाकिस्तान में हिरासत में लिया गया था।
करीब तीन दिन बाद उन्हें भारत वापस सौंप दिया गया था।
वीर चक्र से सम्मानित हुए अभिनंदन
अभिनंदन वर्धमान को वर्ष 2021 में ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था। यह भारत का युद्धकाल में दिया जाने वाला तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है।
पुरस्कार के प्रशस्ति-पत्र में हवाई संघर्ष के दौरान उनके असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उल्लेख किया गया था।
FLY91 ने टिप्पणी से किया इनकार
गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 के प्रवक्ता ने अभिनंदन वर्धमान की नियुक्ति से संबंधित जानकारी पर टिप्पणी करने से इनकार किया। एयरलाइन की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी निजी मामला है।
FLY91 ने मार्च 2024 में अपना परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन के पास फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं और गोवा तथा हैदराबाद उसके प्रमुख परिचालन केंद्र हैं।
अभिनंदन के FLY91 से जुड़ने की खबर सामने आने के बाद उनकी नई पेशेवर पारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
