राष्ट्रीय

चलती बस में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; पर्दों ने छिपाई दरिंदगी

चलती बस में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; पर्दों ने छिपाई दरिंदगी

दिल्ली-NCR: दिल्ली-NCR में एक नाबालिग छात्रा के साथ चलती बस में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है। आरोप बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

बारिश के बीच परी चौक पर मिली बस

जानकारी के मुताबिक, मैनपुरी जिले की 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर बिना बताए निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह नोएडा जाने के बजाय परी चौक पर उतर गई।

इसी दौरान वहां से एक खाली बस गुजर रही थी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कही।

बस में ही वारदात का आरोप

आरोप है कि बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गई।

आरोपियों ने छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़ दिया और फरार हो गए। छात्रा ने पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को तिमारपुर बस पार्किंग से गिरफ्तार किया।

परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर

पुलिस के अनुसार, बस में खराबी आने के बाद उसे सूरजपुर की वर्कशॉप में मरम्मत के लिए ले जाया गया था। इसके बाद खाली बस को तिमारपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा बस में सवार हुई।

बताया गया है कि परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। बस में गहरे रंग के पर्दे लगे हुए थे, जिससे बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं। पुलिस अब बस की फॉरेंसिक जांच करा रही है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर ड्राइवर और कंडक्टर की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने छात्रा के परिजनों को दिल्ली बुलाया और उसे उनके सुपुर्द कर दिया।

कमर्शियल बसों में सुरक्षा के नियमों पर सवाल

इस घटना के बाद दिल्ली-NCR में कमर्शियल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नियमों के मुताबिक ड्राइवर और कंडक्टर का पुलिस सत्यापन तथा यूनिफॉर्म पर नेम प्लेट जरूरी है।

इसके अलावा बसों में यात्रियों की विजिबिलिटी बाधित करने वाले इंतजामों पर भी रोक है। आपात स्थिति में मदद के लिए पैनिक बटन, बसों में सीसीटीवी कैमरे और लाइव लोकेशन के लिए GPS सिस्टम जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी नियम हैं।

हालांकि, इस मामले ने इन नियमों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *