हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, BJP प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 लोगों पर SC-ST एक्ट में केस की मांग
हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, BJP प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 लोगों पर SC-ST एक्ट में केस की मांग
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने सोमवार, 31 अगस्त को पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को भी अन्यायपूर्ण बताते हुए पुलिस से पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
यशपाल आर्या के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर के रूप में ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, श्रीराम सेवा से जुड़े गिरीश पांडे समेत करीब 15 अन्य लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि कथित शुद्धिकरण के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया, लेकिन उनकी शिकायत पर अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के खिलाफ कुछ ही समय में एफआईआर दर्ज कर दी गई।
‘भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता सामने आई’
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि पूरे मामले से भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता सामने आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में पहले भी पुलिस को तहरीर दे चुकी है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे हैं और पार्टी इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेगी।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस ने एआई से बनाए गए कथित फर्जी वीडियो के मामले में भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि पुलिस को दोनों मामलों में निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए।
8 अगस्त को हुई थी खड़गे की रैली
दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली आयोजित हुई थी। कांग्रेस के मुताबिक, रैली के बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने उनके भाषण के मंच का कथित शुद्धिकरण किया था।
इस घटना के बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया था। अब राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद हल्द्वानी में यह मामला एक बार फिर राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है।
