मनोरंजन

क्यूबा की जोआना उरांगा बनीं ‘मिस टीन इंटरनेशनल 2026’, जयपुर में जीता खिताब

क्यूबा की जोआना उरांगा बनीं ‘मिस टीन इंटरनेशनल 2026’, जयपुर में जीता खिताब

जयपुर: क्यूबा की जोआना उरांगा ने जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस टीन इंटरनेशनल 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर जोआना ने क्यूबा की संस्कृति, मूल्यों और नेतृत्व क्षमता का प्रतिनिधित्व किया और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर जजों को प्रभावित करते हुए ताज हासिल किया।

तीन साल से कर रही थीं प्रतियोगिता की तैयारी

खिताब जीतने के बाद जोआना उरांगा ने मीडिया से बातचीत में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वह इस प्रतियोगिता की तैयारी पिछले तीन साल से अधिक समय से कर रही थीं।

जोआना ने कहा कि यह उनके बड़े सपनों में से एक था और लगातार की गई मेहनत आखिरकार रंग लाई। उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि सपने देखते रहना चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए।

भारत की जमकर तारीफ की

जोआना ने भारत को लेकर भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत से बहुत प्यार है और वह दोबारा यहां जरूर आना चाहेंगी। उन्होंने बताया कि भारत में उन्हें लोगों से बहुत अपनापन मिला और यहां उन्हें घर जैसा महसूस हुआ।

23 देशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

‘मिस टीन इंटरनेशनल 2026’ में दुनिया के कई देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कनाडा, कोलंबिया, क्यूबा, डोमिनिकन रिपब्लिक, फिजी, फ्रांस, जर्मनी, भारत, जापान, मैक्सिको, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पैराग्वे, पेरू, फिलीपींस, प्यूर्टो रिको, रोमानिया, स्पेन, श्रीलंका, अमेरिका, वेनेजुएला, वियतनाम और जिम्बाब्वे के प्रतिभागी शामिल हुए।

आयोजक निखिल आनंद ने दी जोआना को बधाई

प्रतियोगिता के मालिक निखिल आनंद ने भी जोआना उरांगा को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया और विजेता का चयन करना आसान नहीं था।

निखिल आनंद ने कहा कि क्यूबा ने अपना पहला ‘मिस इंटरनेशनल’ खिताब जीता है और आयोजक जोआना के साथ आगे काम करने को लेकर उत्साहित हैं।

भारत मामूली अंतर से चूका

निखिल आनंद ने जोआना के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहतरीन उम्मीदवार बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में कभी चीजें पक्ष में होती हैं तो कभी नहीं। उनके मुताबिक, भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रतिभागी भी शानदार रहीं, लेकिन वह थोड़े से अंतर से खिताब जीतने से चूक गईं।

जोआना उरांगा की जीत के साथ क्यूबा ने ‘मिस टीन इंटरनेशनल’ के मंच पर अपनी खास पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *