मनोरंजन

‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन को होस्ट करेंगे अजय देवगन, बोले- असली घटनाओं से जुड़ी कहानियां सबसे ज्यादा आकर्षित करती हैं

‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन को होस्ट करेंगे अजय देवगन, बोले- असली घटनाओं से जुड़ी कहानियां सबसे ज्यादा आकर्षित करती हैं

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अब टीवी के चर्चित क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से जुड़ने जा रहे हैं। अभिनेता शो के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन’ को होस्ट करते नजर आएंगे। शो में वास्तविक अपराध मामलों से प्रेरित कहानियों को पेश किया जाएगा।

अजय देवगन को क्यों पसंद आया शो?

अजय देवगन ने शो से जुड़ने को लेकर कहा कि उन्हें इसकी कहानियों में सबसे ज्यादा वास्तविक घटनाओं से प्रेरित होने वाली बात आकर्षित करती है। उनके मुताबिक, कई मामलों में ऐसे लोग और परिस्थितियां सामने आती हैं, जिनकी आम इंसान कल्पना भी नहीं कर सकता।

अभिनेता ने कहा कि शो में अपराध की कहानी के साथ-साथ यह भी दिखाया जाता है कि किसी मामले को सुलझाने के लिए पुलिस और जांच अधिकारियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती है। उनके मुताबिक, किसी केस को हल करने के पीछे की जांच और लगातार की जाने वाली कोशिशें भी दर्शकों के लिए महत्वपूर्ण हैं।

‘सिर्फ मनोरंजन नहीं, जागरूकता का माध्यम भी’

अजय देवगन का कहना है कि वह ‘क्राइम पेट्रोल’ को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं मानते। उनके अनुसार, शो की कहानियां लोगों को अपने आसपास की परिस्थितियों को लेकर सतर्क रहने का संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति ही नहीं, बल्कि कभी-कभी जान-पहचान वाले लोगों पर भी बिना सोचे-समझे भरोसा करना सही नहीं होता। ऐसी जागरूकता युवाओं, परिवारों और बुजुर्गों सहित हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है।

15 एपिसोड की शूटिंग पूरी कर चुके हैं अजय

अजय देवगन के शो से जुड़ने की खबर इससे पहले सामने आ चुकी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता 15 एपिसोड की शूटिंग पहले ही पूरी कर चुके हैं। हालांकि, वह आगे भी शो की मेजबानी जारी रखेंगे या नहीं, इसका फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया और शो की टीआरपी के आधार पर किया जाएगा।

शो से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, शुरुआती एपिसोड पर दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने के बाद अजय की आगे की मौजूदगी को लेकर फैसला लिया जाएगा। अगर उनकी होस्टिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और शो की टीआरपी में बढ़ोतरी होती है, तो उनकी मौजूदगी आगे भी जारी रह सकती है।

नए अंदाज में नजर आएगा ‘क्राइम पेट्रोल’

अजय देवगन जैसे बड़े बॉलीवुड स्टार के जुड़ने से ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है। वास्तविक अपराध मामलों पर आधारित कहानियों और अजय की होस्टिंग के साथ शो को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *