‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग पूरी, अनुपम खेर ने टीम को कहा धन्यवाद
‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग पूरी, अनुपम खेर ने टीम को कहा धन्यवाद
अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आगामी फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग पूरी कर ली है। शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी और पूरी टीम का आभार जताया।
अनुपम खेर ने फिल्म को अपने लिए खास बताते हुए कहा कि कुछ फिल्में कलाकार को सिर्फ काम करने की संतुष्टि देती हैं, जबकि कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो कलाकार के साथ-साथ दर्शकों के मन को भी छूती हैं। उन्होंने कहा कि ‘श्री रामभूमि’ उनके लिए ऐसी ही फिल्म है।
अशोक सिंघल की भूमिका में नजर आएंगे
फिल्म में अनुपम खेर विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने इस भूमिका को अपने जीवन का सौभाग्य बताते हुए कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन और राम मंदिर निर्माण के संकल्प में अशोक सिंघल का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
अनुपम खेर ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, सह-कलाकारों और पूरी यूनिट को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि फिल्म जल्द ही दर्शकों के सामने आएगी।
अयोध्या और राम मंदिर आंदोलन की कहानी
‘श्री रामभूमि’ का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं। फिल्म अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और उससे जुड़े लंबे संघर्ष की ऐतिहासिक एवं भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।
फिल्म में अनुपम खेर के अलावा ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
