हरिद्वार ग्रामीण सीट पर बीजेपी में दावेदारी तेज, शिवा चौहान ने ठोका टिकट का दावा
हरिद्वार ग्रामीण सीट पर बीजेपी में दावेदारी तेज, शिवा चौहान ने ठोका टिकट का दावा
हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर दावेदारियां सामने आने लगी हैं। भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री शिवा चौहान ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी जिला कार्यालय पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश की।
स्थानीय और युवा चेहरे को टिकट देने की मांग
शिवा चौहान ने भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर जिलाध्यक्ष को अपना बायोडाटा सौंपा और हरिद्वार ग्रामीण सीट से स्थानीय युवा चेहरे को मौका देने की मांग की। उन्होंने पार्टी नेताओं को पत्र सौंपकर अपनी दावेदारी भी प्रस्तुत की।
मीडिया से बातचीत में शिवा चौहान ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य नहीं हुए हैं। ऐसे में इस बार क्षेत्र के लोग ऐसे स्थानीय युवा नेता को प्रत्याशी के रूप में देखना चाहते हैं, जो इलाके की समस्याओं को अच्छी तरह समझता हो और लगातार जनता के बीच रहकर काम करता रहा हो।
हरिद्वार ग्रामीण में पहले से ही मुकाबला दिलचस्प
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट को जिले की प्रमुख और चर्चित सीटों में माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत को मैदान में उतारा था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी और तत्कालीन कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को हराया था।
इस बार भी स्वामी यतीश्वरानंद को भाजपा के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि, चुनाव से पहले पार्टी के भीतर स्थानीय नेताओं की बढ़ती दावेदारी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
टिकट को लेकर बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन राजनीतिक दलों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। हरिद्वार ग्रामीण में शिवा चौहान की दावेदारी के बाद आने वाले दिनों में भाजपा के भीतर टिकट के लिए अन्य नेताओं की सक्रियता भी बढ़ने की संभावना है।
अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व आगामी चुनाव में हरिद्वार ग्रामीण से किस चेहरे पर भरोसा जताता है।
