लखनऊ में 243 भैंसों की नीलामी पर हंगामा, SP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन; 11 नामजद समेत 50 अज्ञात पर FIR
लखनऊ में 243 भैंसों की नीलामी पर हंगामा, SP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन; 11 नामजद समेत 50 अज्ञात पर FIR
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम की ओर से जब्त की गई 243 भैंसों की नीलामी को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। करीब दो घंटे चली नीलामी में नगर निगम को कुल 58.89 लाख रुपये की आय हुई। नीलामी सुबह 11 बजे शुरू हुई और करीब दोपहर 1 बजे तक चली।
नीलामी के दौरान समाजवादी पार्टी (SP) और आजाद समाज पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नीलामी में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ के बाहर से लोग पहुंचे थे, जिनमें कुछ कथित तौर पर कसाई भी शामिल थे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया
हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को एक-एक करके बस में बैठाया और इको गार्डन ले गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से SP विधायक अरमान खान भी मौके पर पहुंचे। वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। बाद में उन्होंने अतिरिक्त नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव को पत्र सौंपकर नीलामी रोकने की मांग की।
अवैध डेयरियों से जब्त की गई थीं भैंसें
रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ के पारा इलाके में कई अवैध डेयरियां संचालित होने की शिकायत थी। 16 अगस्त को नगर निगम की टीम पुलिस के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों पर एक सब-इंस्पेक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप लगा।
इसके बाद अवैध डेयरियों से जब्त की गई भैंसों की नीलामी की गई। इसी नीलामी को लेकर सोमवार को SP और आजाद समाज पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
सीतापुर से आए युवक से मारपीट का आरोप
हंगामे के दौरान सीतापुर से आए एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है। बताया गया कि युवक को कुछ लोगों ने लात-घूंसों से पीटा।
वहीं, डेयरी संचालकों के परिवारों की महिलाओं ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की है।
अखिलेश यादव ने पीड़ित पशुपालकों से की मुलाकात
समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट के मुताबिक, अखिलेश यादव ने लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम की कार्रवाई से प्रभावित पशुपालकों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
पार्टी ने प्रशासन पर पशुपालकों के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की है।
नीलामी में बाधा डालने पर FIR
नगर निगम परिसर में नीलामी के दौरान कथित तौर पर सरकारी कामकाज में बाधा डालने और बिना अनुमति सड़क जाम करने के आरोप में पुलिस ने FIR दर्ज की है।
हजरतगंज थाने के लालबाग चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार की शिकायत पर दर्ज FIR में SP कार्यकर्ता अनीस राज समेत 11 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा करीब 50 अज्ञात कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने यह मामला BNS की धाराओं 3(5), 285, 190 और 223 के तहत दर्ज किया है। फिलहाल भैंसों की नीलामी और उसके विरोध को लेकर राजनीतिक विवाद और कानूनी कार्रवाई दोनों जारी हैं।
