कन्नौज में कार से 15.39 करोड़ का सोना बरामद, पुलिस ने 2 तस्करों को पकड़ा; अखिलेश यादव के आरोप पर पुलिस का जवाब
कन्नौज में कार से 15.39 करोड़ का सोना बरामद, पुलिस ने 2 तस्करों को पकड़ा; अखिलेश यादव के आरोप पर पुलिस का जवाब
कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस की एक वैन से कार की टक्कर के बाद करीब 10 किलो 24 कैरेट सोना बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने की कीमत करीब 15.39 करोड़ रुपये है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर नेपाल के रास्ते सोने की तस्करी से जुड़े होने का आरोप है।
टक्कर के बाद कार से निकला करोड़ों का सोना
शनिवार को तालग्राम थाना पुलिस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रूटीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रही एक ब्रेजा कार की पुलिस वाहन से टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार सवारों के भागने की कोशिश से पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने पीछा कर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 10 बड़े सोने के बिस्कुट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, सोने की शुद्धता 24 कैरेट है और इसका कुल वजन करीब 10 किलो है।
गोरखपुर के होटल से मिलती थी सोने की खेप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के पालपा जिले के हुंगी गांव निवासी सरोज पंत (33) और महराजगंज जिले के ठूठीबारी निवासी संदीप जायसवाल (28) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें गोरखपुर के एक होटल में सोने की खेप दी जाती थी। इसके बाद उन्हें इसे दिल्ली पहुंचाना होता था। पुलिस के अनुसार, दिल्ली में सोना किस व्यक्ति को सौंपना है, इसकी जानकारी उन्हें पहले से नहीं दी जाती थी।
मामले की सूचना कस्टम और GST विभाग को भी दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सोने की सप्लाई के पूरे रास्ते की जांच कर रही है।
अखिलेश यादव ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
सोने की बरामदगी को लेकर सियासी विवाद भी शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि कार से 1-1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट मिले थे, लेकिन पुलिस ने सिर्फ 10 बिस्कुट की बरामदगी दिखाई।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा कि “दस दिखाया, सोलह गटकाया ‘भाजपा’ की पुलिस की माया।” उन्होंने बरामद सोने में कथित हेराफेरी की आशंका भी जताई।
कन्नौज पुलिस ने आरोपों को बताया भ्रामक
अखिलेश यादव के आरोपों पर कन्नौज पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर उन्हें खारिज किया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुल 10 सोने के बिस्कुट ही बरामद हुए थे।
पुलिस ने बताया कि तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान GST टीम को भी मौके पर बुलाया गया था और पूरी प्रक्रिया की नियमानुसार वीडियोग्राफी कराई गई थी। पुलिस ने 26 बिस्कुट बरामद होने या बरामदगी में किसी तरह की हेराफेरी के आरोपों को असत्य, निराधार और भ्रामक बताया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कथित तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सोने के अंतिम गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।
