तपोवन-विष्णुगाड़ परियोजना की टनल में पानी रिसने का वीडियो वायरल, NTPC ने बताया सामान्य तकनीकी प्रक्रिया
तपोवन-विष्णुगाड़ परियोजना की टनल में पानी रिसने का वीडियो वायरल, NTPC ने बताया सामान्य तकनीकी प्रक्रिया
चमोली: तपोवन स्थित एनटीपीसी की तपोवन-विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में पानी रिसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कंपनी ने स्थिति स्पष्ट की है। एनटीपीसी के मुताबिक टनल में दिखाई दे रहा हल्का पानी का रिसाव निर्माण के दौरान सामने आने वाली सामान्य तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
टनल में रिसाव को बताया ‘कैविटी’
एनटीपीसी के नैगम संवाद अधिकारी राजेंद्र सिंह जयाड़ा ने बताया कि टनल निर्माण के दौरान इस तरह की छोटी-मोटी तकनीकी परिस्थितियां सामने आती रहती हैं। तकनीकी भाषा में इसे कैविटी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इन दिनों हो रही बारिश के कारण भी टनल में पानी का रिसाव होना सामान्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और श्रमिकों की सुरक्षा एनटीपीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कैविटी की जानकारी मिलते ही श्रमिकों को हटाया
एनटीपीसी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में कैविटी की जानकारी मिलते ही वहां काम कर रहे सभी श्रमिकों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। सुरक्षा मानकों के तहत क्षेत्र में सतर्कता बरतते हुए जरूरी कदम उठाए गए।
फिलहाल विशेष प्रशिक्षण प्राप्त और उच्च दक्षता वाले श्रमिकों की निगरानी में कैविटी के ट्रीटमेंट का काम किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि टनल में निर्माण कार्य लगातार जारी है।
वायरल वीडियो से घबराने की जरूरत नहीं: NTPC
एनटीपीसी ने लोगों से वायरल वीडियो को लेकर किसी तरह की अफवाह या भय की स्थिति पैदा नहीं करने की अपील की है। कंपनी के मुताबिक परियोजना में निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है और श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
चमोली में हाल में हो चुका है बड़ा टनल हादसा
गौरतलब है कि चमोली जिले में ही 13 अगस्त को टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलाकोटी जलविद्युत परियोजना की टनल में बड़ा हादसा हुआ था। हादसे में 10 श्रमिकों की मौत हुई थी, जबकि 12 श्रमिक घायल हुए थे।
ऐसे में तपोवन-विष्णुगाड़ परियोजना की टनल में पानी रिसने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, एनटीपीसी ने इसे सामान्य तकनीकी स्थिति बताते हुए परियोजना में निर्माण कार्य और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।
