YouTube को टक्कर देने चीन का Bilibili ग्लोबली लॉन्च, पहली वीडियो से कमाई का दावा; जानें क्या है खास
YouTube को टक्कर देने चीन का Bilibili ग्लोबली लॉन्च, पहली वीडियो से कमाई का दावा; जानें क्या है खास
टेक डेस्क: चीन की टेक कंपनियां अब सिर्फ AI के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि वीडियो स्ट्रीमिंग मार्केट में भी अपना दायरा बढ़ा रही हैं। चीन का लोकप्रिय वीडियो प्लेटफॉर्म Bilibili अब ग्लोबल मार्केट में एंट्री कर चुका है। कंपनी ने इसका इंटरनेशनल वर्जन लॉन्च किया है, जिसे फिलहाल Android यूजर्स Google Play Store से डाउनलोड कर सकते हैं। iPhone यूजर्स के लिए इसका ऐप जल्द उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
YouTube जैसा मिलेगा वीडियो प्लेटफॉर्म
Bilibili के ग्लोबल वर्जन में यूजर्स YouTube की तरह वीडियो अपलोड करने के साथ-साथ लाइव स्ट्रीमिंग भी कर सकेंगे। कंपनी ने इस प्लेटफॉर्म को खास तौर पर युवा और Gen-Z यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया है।
कंपनी का फोकस ग्लोबल क्रिएटर्स और दर्शकों को जोड़ने के साथ अलग-अलग देशों के हिसाब से कंटेंट को बेहतर तरीके से पेश करने पर है। प्लेटफॉर्म पर लोकलाइजेशन और कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन से जुड़े फीचर्स भी आगे जोड़े जाने की बात कही गई है।
क्रिएटर्स के लिए कमाई का अलग मॉडल
Bilibili की सबसे चर्चित खासियत इसका क्रिएटर मोनेटाइजेशन मॉडल है। कंपनी के मुताबिक, क्रिएटर्स को प्लेटफॉर्म पर कंटेंट डालने के बाद कमाई के अवसर मिल सकते हैं और इसके लिए YouTube जैसी लंबी एलिजिबिलिटी प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ता।
यानी नए क्रिएटर्स के लिए यह प्लेटफॉर्म शुरुआत से ही कमाई का विकल्प उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े क्रिएटर्स को भी अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ने की कोशिश कर रही है।
साइन-अप प्रक्रिया भी आसान
ग्लोबल वर्जन में कंपनी ने साइन-अप प्रक्रिया को काफी सरल रखने पर जोर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर शुरुआत करने के लिए लंबी पहचान सत्यापन प्रक्रिया नहीं रखी गई है।
Bilibili का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिएटर्स को प्लेटफॉर्म से जोड़ना और उनके लिए कंटेंट पब्लिश करना आसान बनाना है।
कई देशों में बढ़ा रहा है टीम का दायरा
ग्लोबल विस्तार की तैयारी का अंदाजा कंपनी की अलग-अलग देशों में की जा रही भर्तियों से भी लगाया जा सकता है। Bilibili ने लॉस एंजल्स, लंदन, मैक्सिको सिटी, साओ पाउलो, इस्तांबुल और टोक्यो जैसे शहरों में नौकरियों से जुड़ी पोस्टिंग की है।
इससे संकेत मिलता है कि कंपनी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने ऑपरेशन और लोकल टीम को मजबूत करने की तैयारी में है।
YouTube के सामने बड़ी चुनौती
हालांकि Bilibili के लिए ग्लोबल मार्केट में जगह बनाना आसान नहीं होगा। YouTube पहले से ही दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म में शामिल है और उसके पास करोड़ों क्रिएटर्स और दर्शकों का मजबूत नेटवर्क है।
इसके अलावा अलग-अलग देशों के डेटा स्टोरेज, कंटेंट मॉडरेशन और स्थानीय नियमों का पालन करना भी Bilibili के लिए चुनौती बन सकता है।
अब देखना होगा कि चीन में मजबूत पकड़ रखने वाला Bilibili अंतरराष्ट्रीय बाजार में YouTube के सामने कितनी बड़ी चुनौती खड़ी कर पाता है।
