VIP मोबाइल नंबर चाहिए? Jio और Vi दे रहे पसंद का नंबर चुनने का मौका, जानें पूरी प्रक्रिया
VIP मोबाइल नंबर चाहिए? Jio और Vi दे रहे पसंद का नंबर चुनने का मौका, जानें पूरी प्रक्रिया
अगर आप अपने लिए कोई खास या याद रहने वाला मोबाइल नंबर लेना चाहते हैं, तो इसके लिए अब टेलीकॉम स्टोर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। Jio और Vodafone Idea (Vi) अपने ग्राहकों को पसंद के नंबर चुनने की सुविधा देते हैं। नंबर की कैटेगरी के हिसाब से इसकी कीमत अलग-अलग हो सकती है और प्रीमियम नंबर के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।
Jio पर ऐसे चुनें पसंदीदा नंबर
Jio यूजर्स MyJio ऐप के जरिए अपनी पसंद का नंबर तलाश सकते हैं। इसके लिए ऐप में जाकर Quick Links के जरिए Matching Number विकल्प पर जाना होता है। यहां उपलब्ध नंबरों की सूची में से अपनी पसंद का नंबर चुना जा सकता है।
अगर लिस्ट में मनपसंद नंबर नहीं मिलता है, तो “Looking for VIP Number?” विकल्प के जरिए अन्य उपलब्ध नंबरों को तलाशा जा सकता है। नंबर बुक करने के बाद Jio की ओर से सिम की डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
Vi पर भी मिलती है VIP नंबर की सुविधा
Vodafone Idea यानी Vi के ग्राहक भी MyVi ऐप के जरिए पसंदीदा नंबर चुन सकते हैं। ऐप में VIP Number विकल्प पर जाकर ग्राहक अपनी पसंद के नंबर के पैटर्न को दर्ज कर सकता है।
अगर वह नंबर उपलब्ध हुआ तो उसके साथ Free या Premium VIP विकल्प दिखाई दे सकता है। ग्राहक उपलब्ध विकल्पों में से नंबर चुनकर अपना पिनकोड और डिलीवरी से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकता है। इसके बाद सिम की डिलीवरी की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।
कितने पैसे देने होंगे?
पसंदीदा नंबर की कीमत उसके VIP या प्रीमियम होने पर निर्भर करती है। सामान्य नंबर के लिए सिम का शुल्क करीब 50 रुपये हो सकता है, जबकि प्रीमियम नंबर के लिए शुल्क 12,000 रुपये तक पहुंच सकता है।
नंबर मिलने के बाद उसे एक्टिवेट करने के लिए ग्राहक को FRC (First Recharge) यानी शुरुआती रिचार्ज प्लान भी लेना होगा।
ध्यान रखें
VIP नंबर की उपलब्धता और कीमत समय के साथ बदल सकती है। किसी नंबर को बुक करने से पहले ऐप में दिख रही अंतिम कीमत, उपलब्धता और डिलीवरी की शर्तें जरूर जांच लें।
