दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर एक्शन, मंजूर सीमा से बाहर बने स्ट्रक्चर हटाए गए
दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर एक्शन, मंजूर सीमा से बाहर बने स्ट्रक्चर हटाए गए
नई दिल्ली: दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर गुरुवार (20 अगस्त) को बुलडोजर कार्रवाई की गई। रिपोर्टों के मुताबिक, हाई कमीशन परिसर के बाहर बने कुछ स्ट्रक्चर और बैरिकेड्स को हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि ये निर्माण स्वीकृत सीमा से बाहर किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान हाई कमीशन के बाहर की लेन में बने कई अस्थायी और स्थायी ढांचों को हटाया गया। इनमें वीजा सेक्शन के पास लोगों की कतार व्यवस्थित करने के लिए लगाए गए स्ट्रक्चर भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हाई कमीशन के बाहर बिखरा मलबा
बुलडोजर कार्रवाई के बाद मौके पर टूटी मेटल रेलिंग, गेट, मुड़े हुए मेटल फ्रेम, छत की शीट, ईंट और कंक्रीट के टुकड़े दिखाई दिए। बाहरी हिस्से में लगी कुछ फेंसिंग और नालीदार छत को भी हटा दिया गया।
वीजा सेक्शन के आसपास लगे कुछ स्ट्रक्चर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। तस्वीरों में ‘विंडो 1’ और ‘विंडो-5/वीजा एप्लीकेशन कलेक्शन’ जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, कार्रवाई का असर हाई कमीशन की मुख्य इमारत पर नहीं पड़ा।
मुख्य गेट और इमारत सुरक्षित
कार्रवाई के बावजूद पाकिस्तान हाई कमीशन का मुख्य गेट, बाहरी दीवारें, गुंबदनुमा संरचना और पाकिस्तानी निशान वाले बड़े मेटल गेट सुरक्षित बताए जा रहे हैं। परिसर की बाहरी सीमा के कुछ हिस्सों में लगी कंटीले तारों की बाड़ भी बनी हुई है।
तीन दिन पहले इस्लामाबाद में भारत के हाई कमीशन पर भी हुई थी कार्रवाई
दिल्ली में हुई इस कार्रवाई की चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इससे करीब तीन दिन पहले पाकिस्तान में भारतीय हाई कमीशन के बाहर से सुरक्षा बैरिकेड्स और पार्किंग पोल हटाए गए थे।
दोनों घटनाओं को भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया कूटनीतिक घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी के बाद बढ़ा था तनाव
हाल में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने श्रीनगर दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर को भारत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था। उनकी इस टिप्पणी पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई थी।
पाकिस्तान ने गोर की टिप्पणी के विरोध में इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स को तलब कर औपचारिक विरोध भी दर्ज कराया था।
हालांकि, दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सामने आई वजह स्वीकृत सीमा से बाहर किए गए निर्माण और स्ट्रक्चर हटाना बताई जा रही है। हाई कमीशन की मुख्य इमारत को कार्रवाई से अलग रखा गया।
