शाहरुख खान के ‘मन्नत’ में दिखे दो सांप, वन विभाग ने किया एक का रेस्क्यू
शाहरुख खान के ‘मन्नत’ में दिखे दो सांप, वन विभाग ने किया एक का रेस्क्यू
मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का मुंबई स्थित बंगला ‘मन्नत’ एक बार फिर सुर्खियों में है। बंगले के परिसर में दो सांप दिखाई देने के बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान के दौरान एक सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
गार्ड ने सबसे पहले देखा सांप
जानकारी के मुताबिक, ‘मन्नत’ के गार्ड ने सबसे पहले सांप को देखा। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग को तुरंत जानकारी दी गई। वन विभाग के अधिकारियों के साथ सांप रेस्क्यू करने वाले विक्की दुबे भी मौके पर पहुंचे।
टीम ने पूरे परिसर की सावधानीपूर्वक तलाशी ली। इस दौरान एक सांप गार्डन में बने शेड के अंदर छिपा हुआ मिला। रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
करीब 8 फीट लंबा था धामण
रेस्क्यू किए गए सांप की पहचान धामण के रूप में हुई है। इसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, सांप करीब 8 फीट लंबा था और यह जहरीली प्रजाति नहीं है।
वहीं, दूसरा सांप टीम के पहुंचने से पहले ही वहां से निकल गया। काफी देर तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। वन विभाग के अनुसार, संभावना है कि दूसरा सांप बंगले के परिसर से बाहर निकल गया हो।
मरम्मत के चलते ‘मन्नत’ में नहीं रह रहे शाहरुख
फिलहाल ‘मन्नत’ में मरम्मत का काम चल रहा है। इसी वजह से शाहरुख खान अपने परिवार के साथ बंगले में नहीं रह रहे हैं और बांद्रा स्थित दूसरे अपार्टमेंट में शिफ्ट हैं।
सलमान खान के घर में भी दिखा था सांप
मुंबई में फिल्मी सितारों के घर में सांप मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले इसी साल अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ में भी सांप दिखाई दिया था। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला था।
