अन्तर्राष्ट्रीय

इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश, पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने दिए साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकात के निर्देश

इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश, पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने दिए साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकात के निर्देश

पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया है। अदालत के निर्देश के मुताबिक, उन्हें आने वाले दिनों में पूरी मेडिकल जांच के लिए इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा।

मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजने का आदेश

जस्टिस शाहिद वहीद की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने और परिवार से मुलाकात की अनुमति देने से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई की। अदालत ने कहा कि यह आदेश उनके स्वास्थ्य, जीवन के अधिकार और मेडिकल सुविधाओं तक पहुंच के संवैधानिक अधिकार को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।

अदालत ने अधिकारियों को इमरान खान और उनके परिवार के बीच हर सप्ताह मुलाकात सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।

मेडिकल बोर्ड में निजी डॉक्टर और बहन भी शामिल

सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है। इसमें उनके निजी चिकित्सक के साथ उनकी बहन उज्मा खान को भी शामिल किया जाएगा।

यह फैसला अदियाला जेल प्रशासन की ओर से इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर पेश की गई रिपोर्ट के बाद आया है।

ब्लड प्रेशर और धड़कन से जुड़ी शिकायतें

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के डॉक्टर अख्तर अली बंदेशाह ने 1 अगस्त को इमरान खान की जांच की थी। इसमें अनियंत्रित ब्लड प्रेशर, धड़कन, सिरदर्द और बेचैनी जैसी शिकायतों का उल्लेख किया गया।

डॉक्टर ने तनाव कम करने के लिए परिवार से अधिक मुलाकात और पढ़ने की सामग्री उपलब्ध कराने की सलाह दी थी। इसके अलावा सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी और ब्लड प्रेशर की दवा में बदलाव की भी सिफारिश की गई।

मई में सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे इमरान

इमरान खान ने मई में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। उन्होंने शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में इलाज कराने के साथ अपने निजी डॉक्टरों, परिवार और कानूनी सलाहकारों से मिलने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट परिवार के साथ साझा करने की मांग भी की थी।

संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिवेदक ने भी जताई थी चिंता

पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिवेदक एलिस जिल एडवर्ड्स ने भी इमरान खान की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से मानवीय आधार पर इमरान खान को उनकी पसंद के मेडिकल टेस्ट और उपचार की सुविधा देने की अपील की थी।

इमरान खान अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवार से संपर्क को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *