बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ का जलवा, ‘बंटवारा 1947’ से मुकाबले में इमरान हाशमी की फिल्म आगे
बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ का जलवा, ‘बंटवारा 1947’ से मुकाबले में इमरान हाशमी की फिल्म आगे
स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का फायदा बॉक्स ऑफिस पर नई रिलीज फिल्मों को जमकर मिला है। 14 अगस्त को रिलीज हुई इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों फिल्मों के दूसरे दिन कलेक्शन में अच्छी बढ़ोतरी हुई, लेकिन शुरुआती दो दिनों के आंकड़ों में ‘आवारापन 2’ काफी आगे निकलती नजर आ रही है।
‘आवारापन 2’ ने दो दिन में कमाए ₹47.76 करोड़
19 साल पुरानी कल्ट फिल्म के सीक्वल ‘आवारापन 2’ को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म ने पहले दिन ₹22 करोड़ की नेट ओपनिंग की थी।
स्वतंत्रता दिवस पर फिल्म की कमाई में और उछाल आया और दूसरे दिन इसने ₹25.76 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही दो दिनों में फिल्म की कुल नेट कमाई ₹47.76 करोड़ हो गई है। शनिवार को फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹56.80 करोड़ बताया गया है।
‘बंटवारा 1947’ की भी मजबूत पकड़
वहीं, सनी देओल स्टारर ‘बंटवारा 1947’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने दूसरे दिन ₹10.15 करोड़ का नेट कलेक्शन किया।
दो दिनों में फिल्म की कुल नेट कमाई ₹15 करोड़ से अधिक पहुंच गई है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹18.82 करोड़ बताया गया है।
इन फिल्मों ने भी की कमाई
‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ के बीच चल रही टक्कर के अलावा हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने 15 अगस्त को करीब ₹5.20 करोड़ की कमाई की। वहीं साउथ की फिल्म ‘डीसी: द ब्लडी वैलेंटाइन’ ने इसी दिन करीब ₹2.53 करोड़ का कारोबार किया।
15 अगस्त को सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड ‘गदर 2’ के नाम
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 15 अगस्त का दिन फिल्मों के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड ‘गदर 2’ के नाम है, जिसने 15 अगस्त को ₹55.40 करोड़ का कलेक्शन किया था।
इसके बाद ‘स्त्री 2’ ने ₹51.80 करोड़, जबकि ‘वॉर 2’ ने ₹45 करोड़ की कमाई की थी। ‘एक था टाइगर’ और ‘सिंघम रिटर्न्स’ भी 15 अगस्त को शानदार कारोबार करने वाली फिल्मों में शामिल हैं।
क्या है ‘आवारापन 2’ की कहानी?
‘आवारापन 2’ की कहानी शिवम पंडित के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है। बैंकॉक में जानलेवा हमले के बाद शिवम भारत लौट आता है और अपनी पहचान छिपाकर रहने लगता है। इसी दौरान उसे एक लावारिस बच्ची मिलती है, जिसे वह अनाथालय पहुंचाता है।
बाद में बच्ची को गोद लेने वाला परिवार मानव तस्करी से जुड़ा निकलता है और बच्ची को विदेश ले जाया जाता है। इसके बाद शिवम उसे बचाने के लिए बैंकॉक लौटता है। वहां वह एक आपराधिक गिरोह में शामिल होकर बच्ची की तलाश शुरू करता है।
इसी दौरान उसकी मुलाकात गैंग लीडर की बहन जाहरा से होती है और दोनों के बीच प्रेम कहानी भी शुरू होती है। फिल्म की कहानी अपराध, एक्शन, भावनाओं और रिश्तों के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
