उत्तराखंड

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए एक्शन मोड में कांग्रेस: दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए एक्शन मोड में कांग्रेस: दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल

​देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस आलाकमान बेहद गंभीर नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर देहरादून पहुंचे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उन्हें हवाई मार्ग से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वे सड़क मार्ग से राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बीच उनका जोरदार स्वागत किया।

​मुख्यालय पहुंचने के बाद वेणुगोपाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे राजपुर रोड स्थित एक होटल में मैराथन बैठकों के लिए रवाना हो गए।

​रणनीतिक बैठकों का दौर: संगठन को पैनी धार देने की तैयारी

​अपने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान के.सी. वेणुगोपाल उत्तराखंड कांग्रेस के पूरे तंत्र के साथ विमर्श करने जा रहे हैं। होटल में आयोजित पहली उच्च स्तरीय बैठक में उनके साथ ये दिग्गज शामिल रहे:

​पीसीसी प्रेसिडेंट गणेश गोदियाल

​नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य

​सीईसी (CEC) मेंबर्स, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सीडब्ल्यूसी (CWC) सदस्य

​पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सीडब्ल्यूसी मेंबर करन माहरा ने वेणुगोपाल के दौरे को राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय महासचिव सभी जिला अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों (महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई आदि) के अध्यक्षों, वर्तमान व पूर्व विधायकों और पिछले विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के साथ आमने-सामने बैठकर चर्चा करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य संगठन की कमियों को दूर कर उसे चुनावी मोड में पूरी तरह सक्रिय करना है।

​राज्य के वर्तमान हालातों और चुनावी रणनीति पर मंथन

​इस दौरे का मुख्य एजेंडा संगठन की मजबूती, राज्य के वर्तमान राजनैतिक व सामाजिक हालातों की समीक्षा और 2027 के चुनाव के लिए रोडमैप तैयार करना है। कांग्रेस हाईकमान लगातार उत्तराखंड की हर राजनीतिक हलचल पर नजर बनाए हुए है, यही वजह है कि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के दौरों के साथ-साथ प्रांतीय नेतृत्व भी अब जमीन पर आक्रामक नजर आ रहा है।

​वर्तमान में कांग्रेस ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जन-जागृति यात्राएं निकालनी शुरू कर दी हैं। पार्टी लगातार सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की नाकामियों, स्थानीय मुद्दों और जनहित की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव के लिए समर्थन की अपील कर रही है। वेणुगोपाल का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकने और गुटबाजी को खत्म कर एकजुटता का संदेश देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *