मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के आसार: अमेरिकी हमलों से दहले ईरान के कई शहर, ट्रम्प ने दी 20 गुना जवाब की चेतावनी
मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के आसार: अमेरिकी हमलों से दहले ईरान के कई शहर, ट्रम्प ने दी 20 गुना जवाब की चेतावनी
वॉशिंगटन डीसी/तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने बुधवार देर रात ईरान के बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सीरिक और कोनारक समेत कई प्रमुख शहरों में स्थित सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर एक बार फिर बड़ी एयरस्ट्राइक की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने करीब 90 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की सैन्य क्षमता (एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल-ड्रोन स्टोरेज) को कमजोर करना है।
इस कार्रवाई के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, “वे हर बार हम पर हमला करेंगे तो हम 20 गुना जवाब देंगे।” इसके साथ ही ट्रम्प ने नाटो (NATO) समिट के दौरान स्पष्ट कर दिया कि ईरान के साथ हुआ सीजफायर समझौता (MoU) अब पूरी तरह खत्म हो चुका है।
ईरान का पलटवार और बातचीत से इनकार
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन, कतर और कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बड़ी संख्या में मिसाइलों और ड्रोनों से निशाना बनाया है। ईरान के मुताबिक, इन हमलों में कुवैत में पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली, कतर में अर्ली वार्निंग सैटेलाइट एंटीना साइट और बहरीन में स्थित अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट का मुख्यालय व ईंधन टैंक शामिल हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कर दिया है कि धमकियों के साए में अमेरिका से आगे कोई बातचीत नहीं होगी। वहीं, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अमेरिकी हमलों में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है और 78 लोग घायल हुए हैं।
पिछले 24 घंटे के अन्य बड़े अपडेट्स
”ईरानियों की हिट लिस्ट में मेरा नाम” — ट्रम्प: एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “ये खतरनाक लोग हैं और उनकी सूची में मेरा नाम सबसे ऊपर है।” उड़ान के दौरान सुरक्षा कारणों से खिड़कियों के ब्लाइंड्स बंद रखे गए थे।
भारतीय तेल टैंकर वापस लौटा: होर्मुज स्ट्रेट में युद्ध के हालात को देखते हुए, कुवैत से 20 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर जा रहा भारतीय झंडे वाला टैंकर ‘लीला वादिनार’ ओमान के तट से वापस लौट गया है।
बहरीन में सायरन: बहरीन में भी ईरानी हमलों की आशंका के चलते आंतरिक मंत्रालय ने चेतावनी के सायरन बजाए हैं और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।
