‘सहर होने को है’ में 7 साल का लीप: ऋषिता कोठारी ने छोड़ा शो, भाविका शर्मा बनेंगी नई ‘सहर’
‘सहर होने को है’ में 7 साल का लीप: ऋषिता कोठारी ने छोड़ा शो, भाविका शर्मा बनेंगी नई ‘सहर’
कलर्स टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘सहर होने को है’ के दर्शकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। शो में जल्द ही 7 साल का एक बड़ा लीप आने वाला है, जिसके साथ ही स्टारकास्ट में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा। शो में मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री ऋषिता कोठारी ने सीरियल को अलविदा कह दिया है। अब उनकी जगह ‘गुम है किसी के प्यार में’ फेम अभिनेत्री भाविका शर्मा मुख्य किरदार ‘सहर’ के रूप में नजर आएंगी।
मेकर्स ने लीप के बाद का एक नया प्रोमो भी जारी कर दिया है, जिसमें भाविका शर्मा की आधिकारिक एंट्री और उनका पहला लुक सामने आ गया है। इस प्रोमो में भाविका के साथ मुख्य अभिनेता पार्थ समथान नजर आ रहे हैं, जो लीप के बाद भी शो का हिस्सा बने रहेंगे। वहीं, ऋषिता के साथ-साथ अभिनेत्री माही विज ने भी इस शो को अलविदा कह दिया है।
ऋषिता कोठारी का इमोशनल गुडबाय पोस्ट वायरल
’सहर होने को है’ से अपने टेलीविजन करियर की शुरुआत करने वाली ऋषिता कोठारी का विदाई नोट इस समय सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। मात्र 8 महीने के इस सफर में ‘सहर’ के किरदार से उन्होंने घर-घर में अपनी खास पहचान बनाई।
ऋषिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो के सफर का एक भावुक वीडियो मोंटाज शेयर करते हुए लिखा:
”वो सपनों भरी आंखों वाली लड़की, जो दिल में डर लिए इस सेट पर आई थी, आज अलविदा कह रही है। बहुत कुछ है कहने को पर आज भी शब्द नहीं मिल रहे। यह आसान नहीं था और शायद इसीलिए यह सफर हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब रहेगा। मुझे याद है 8 महीने पहले वाली ऋशु, जिसके हाथ में स्क्रिप्ट थी और दिल में सिर्फ डर और हजारों सवाल।”
लीप के बीच फिर चर्चा में आया पार्थ-ऋषिता का विवाद
ऋषिता कोठारी के शो छोड़ने के साथ ही, उनके और को-स्टार पार्थ समथान के बीच हुआ पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
सेट पर हुई थी बहस: खबरों के मुताबिक, कुछ समय पहले ‘सहर होने को है’ के सेट पर दोनों कलाकारों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी।
बुलिंग का आरोप: इस घटना के बाद पार्थ समथान ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि ऋषिता और उनके बॉयफ्रेंड ने उन्हें ऑनलाइन बुली (परेशान) किया था। हालांकि, इस विवाद के बाद भी दोनों ने शो की शूटिंग जारी रखी, लेकिन अब लीप के बहाने ऋषिता की शो से विदाई को फैंस इस विवाद से भी जोड़कर देख रहे हैं।
