राष्ट्रीय

पुणे: केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा; आरोपियों ने गूगल पर सीखे थे हत्या के तरीके, लोहगढ़ किले पर हुआ ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’

पुणे: केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा; आरोपियों ने गूगल पर सीखे थे हत्या के तरीके, लोहगढ़ किले पर हुआ ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’

​पुणे। पुणे के मशहूर रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे बेहद चौंकाने वाले और शातिर खुलासे हो रहे हैं। तकनीकी और डिजिटल जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने केतन की हत्या करने के अलग-अलग क्रूर तरीके खोजने के लिए बकायदा ‘गूगल’ का सहारा लिया था। यही नहीं, आरोपियों ने मुख्य वारदात से पहले 14 जून को भी केतन को रास्ते से हटाने की पहली कोशिश की थी, जो नाकाम रही थी।

​गूगल सर्च पर वीडियो देखे, किले पर की थी ‘मर्डर रिहर्सल’

​पुणे ग्रामीण पुलिस के हाथ लगे डिजिटल सबूतों के अनुसार, आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की गूगल सर्च हिस्ट्री से पता चला है कि उन्होंने हत्या को अंजाम देने के अलग-अलग तरीकों से जुड़े कई वीडियो इंटरनेट पर देखे थे। पुलिस का दावा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों आरोपियों ने लोहगढ़ किले पर जाकर बकायदा ‘मर्डर रिहर्सल’ भी की थी।

​पूछताछ में यह भी सामने आया कि पकड़े जाने की स्थिति में पुलिस को क्या जवाब देना है और खुद को कैसे बचाना है, इसका भी आरोपियों ने पहले से अभ्यास कर रखा था। यहाँ तक कि पुलिस के शक से बचने के लिए उन्होंने अपना वेश बदलने की भी शातिर प्लानिंग की थी।

​शादी तोड़ने की बदनामी से बचने के लिए रची साजिश

​मुख्य आरोपी 20 वर्षीय सिया गोयल ने पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर कबूल किया है कि वह 25 साल के केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। उसे डर था कि अगर उसने खुद शादी तोड़ी, तो समाज में उसके परिवार की बदनामी होगी। इसी बदनामी से बचने के लिए उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी (22) के साथ मिलकर केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

​डिजिटल सबूत मिटाने का प्रयास

​हत्याकांड को अंजाम देने के तुरंत बाद, आरोपियों ने शातिर पने से अपनी चैट, कॉल लॉग्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को पूरी तरह डिलीट और नष्ट करने की कोशिश की। हालांकि, पुणे ग्रामीण पुलिस की साइबर और तकनीकी टीम इन डिलीटेड डेटा को रिकवर कर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

​पुतला गिराकर लोहगढ़ किले पर हुआ ‘सीन रीक्रिएशन’

​मामले की जांच को पुख्ता करने के लिए लोणावला पुलिस और पुणे देहात पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को भारी सुरक्षा के बीच लोहगढ़ किले पर लेकर पहुंची, जहाँ इस पूरी वारदात का ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’ किया गया:

​इशारे का कोड वर्ड: पुलिस ने यह समझने की कोशिश की कि सिया ने चेतन को केतन को धक्का देने का हिंट कैसे दिया था। योजना के मुताबिक, सिया ने बताया कि जैसे ही वह नीचे बैठी, चेतन के लिए वह केतन को पहाड़ी से नीचे धकेलने का इशारा था।

​हुडी पहनकर बिना टिकट पहुंचा था प्रेमी: आरोपी चेतन चौधरी पुलिस से बचने के लिए हुडी पहनकर और बिना टिकट लिए चुपके से लोहगढ़ किले पर पहुंचा था और लगातार सिया व केतन का पीछा कर रहा था।

​पुतले से मिलान: वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में एक पुतले का इस्तेमाल किया गया। सिया से दिखाया गया कि उसने केतन को किस जगह से और कैसे धक्का दिया था। इस पूरी प्रक्रिया की बकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है ताकि कोर्ट में इसे पुख्ता सबूत के तौर पर पेश किया जा सके।

​सुरक्षा कारणों और इस सीन रीक्रिएशन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने कुछ समय के लिए लोहगढ़ किले को आम पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रखा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की घटना से पहले और बाद की सभी गतिविधियों तथा उनके डिजिटल रिकॉर्ड्स को खंगालकर चार्जशीट मजबूत करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *