फीफा वर्ल्ड कप 2026: मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गिलेर्मो ओचोआ ने रचा इतिहास, 6 वर्ल्ड कप खेलने के रिकॉर्ड के साथ फुटबॉल को कहा अलविदा
फीफा वर्ल्ड कप 2026: मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गिलेर्मो ओचोआ ने रचा इतिहास, 6 वर्ल्ड कप खेलने के रिकॉर्ड के साथ फुटबॉल को कहा अलविदा
मेक्सिको सिटी: मेक्सिको के अनुभवी और दिग्गज गोलकीपर गिलेर्मो ओचोआ ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना आखिरी मैच खेलकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। चेकिया के खिलाफ ग्रुप-ए के मुकाबले में मैदान पर उतरते ही ओचोआ वर्ल्ड कप के इतिहास में मेक्सिको की तरफ से खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने के साथ ही उन्होंने प्रोफेशनल फुटबॉल से अपने संन्यास की भी घोषणा कर दी है।
ओचोआ ने 40 साल 346 दिन की उम्र में यह नया कीर्तिमान स्थापित किया। इसके साथ ही उन्होंने मेक्सिको के पूर्व कप्तान राफा मार्केज का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2018 के वर्ल्ड कप में 39 साल 139 दिन की उम्र में मैदान पर उतरकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
चोटिल मालागोन की जगह मिला विदाई मैच का मौका
ओचोआ ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि 2026 वर्ल्ड कप के बाद वे इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह देंगे। चेकिया के खिलाफ मैच में उन्हें खेलने का मौका तब मिला, जब टीम के मुख्य गोलकीपर लुइस एंजेल मालागोन चोटिल हो गए। इसके बाद ओचोआ 77वें मिनट में मैदान पर उतरे और शानदार खेल दिखाकर अपनी विदाई को हमेशा के लिए यादगार बना दिया। मेक्सिको ने इस मुकाबले में चेकिया को 3-0 से करारी शिकस्त दी।
मेसी और रोनाल्डो के क्लब में हुए शामिल
चेकिया के खिलाफ मैदान पर कदम रखते ही ओचोआ दुनिया के उन चुनिंदा और महान खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अपने करियर में छह फीफा वर्ल्ड कप खेले हैं। इस एलीट लिस्ट में अब ओचोआ के साथ अर्जेंटीना के लियोनल मेसी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम भी जुड़ गया है। ओचोआ साल 2006 और 2010 के वर्ल्ड कप में बैकअप गोलकीपर के रूप में टीम का हिस्सा थे, जबकि 2014, 2018, 2022 और अब 2026 के वर्ल्ड कप में उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई।
जहां से शुरू हुआ सफर, वहीं हुई विदाई
ओचोआ के लिए विदाई का यह मुकाबला भावुक करने वाला था क्योंकि यह मैच ऐतिहासिक एज्टेका स्टेडियम में खेला गया। यह वही मैदान है जहां उन्होंने साल 2004 में ‘क्लब अमेरिका’ के लिए पहली बार पेशेवर फुटबॉल खेलना शुरू किया था।
शानदार जीत और ऐतिहासिक विदाई के बाद ओचोआ ने फैंस का आभार जताते हुए कहा:
”सबसे अच्छी बात यह है कि लोग आपकी मेहनत और कोशिशों को समझते हैं। मैं हमेशा उनके लिए अपना सबसे बेहतर खेल दिखाने और अपनी एक पहचान छोड़ने की कोशिश करता हूं। मुझे लगता है कि आज से बेहतर विदाई मेरे लिए और कोई नहीं हो सकती थी।”
