Thursday, June 18, 2026
Latest:
राजनीति

झारखंड में राज्यसभा चुनाव: ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ और बैठकों के दौर के बीच वोटिंग की तैयारी पूरी, जानें समीकरण

झारखंड में राज्यसभा चुनाव: ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ और बैठकों के दौर के बीच वोटिंग की तैयारी पूरी, जानें समीकरण

​रांची। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मतदान (18 जून) से ठीक पहले राज्य में ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ और बैठकों का दौर चरम पर रहा। एक तरफ जहां सेंधमारी से बचने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) के तमाम विधायक रांची के होटल रेडिसन ब्लू में डेरा डाले रहे, वहीं दूसरी तरफ ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के विधायकों को एकजुट रखने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार रात को विशेष डिनर का आयोजन किया गया। दोनों ही खेमे अपनी-अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

​NDA खेमे में भारी उत्साह, विधायकों को दिया गया ‘मॉक पोल’ का प्रशिक्षण

​चुनाव को लेकर एनडीए खेमा बेहद उत्साहित दिखाई दे रहा है। होटल रेडिसन ब्लू में ठहरे विधायकों ने मीडिया के सामने ‘विक्ट्री साइन’ (जीत का प्रतीक) दिखाकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

​यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक हुई। बैठक में खासकर नए विधायकों को राज्यसभा चुनाव की जटिल वोटिंग प्रक्रिया (वरीयता प्रणाली) से रूबरू कराया गया। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की मानवीय भूल या चूक से बचने के लिए विधायकों को बाकायदा ‘मॉक पोल’ (अभ्यास मतदान) का प्रशिक्षण भी दिया गया।

​होटलों की राजनीति पर बीजेपी और कांग्रेस में ठनी

​इस सियासी घेराबंदी के बीच दोनों प्रमुख गठबंधनों में जुबानी जंग भी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “हम पर होटल की राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस के पास खुद नैतिकता नहीं बची है। कांग्रेस कल तक बड़ी-बड़ी बातें कर रही थी कि उनके विधायक सीधे अपने घरों से वोट डालने आएंगे, लेकिन अब वे बताएं कि होटल बीएनआर (BNR) में उनका पूरा कुनबा क्या कर रहा है?”

​इसके जवाब में कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने होटल में विधायकों को बंधक बनाए जाने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि विधायक केवल उस होटल में जा रहे हैं जहां कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक ठहरे हुए हैं, उन्हें कहीं छुपाने की योजना नहीं है। हमारे पास पर्याप्त संख्या बल है और हम आसानी से जीत दर्ज करेंगे।

​सीएम आवास पर डिनर, आज BNR होटल में ब्रेकफास्ट के बाद सीधे विधानसभा जाएंगे ‘इंडिया’ के विधायक

​रणनीति के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन के विधायकों के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक और रात्रिभोज (डिनर) का आयोजन किया गया था। डिनर के बाद विधायकों को रात में अपने-अपने घर जाने की अनुमति दे दी गई।

​हालांकि, गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व ने सख्त निर्देश दिए हैं कि गुरुवार (18 जून) को सुबह ठीक 7:00 बजे सभी विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के साथ रांची के होटल बीएनआर (BNR) में ‘ब्रेकफास्ट’ के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद सभी विधायक एकजुट होकर होटल से सीधे विधानसभा परिसर के लिए रवाना होंगे, जहां मतदान होना है।

​क्या है जीत का गणित और कौन-कौन हैं मैदान में?

​झारखंड विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के खेल को देखें तो राज्यसभा की एक सीट पर सीधे तौर पर जीत दर्ज करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को प्रथम वरीयता (First Preference) के न्यूनतम 28 वोटों की आवश्यकता है।

​संख्या बल का समीकरण: झारखंड विधानसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का भारी बहुमत है, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) के पास 24 विधायक हैं।

​मैदान में त्रिकोणीय मुकाबला: दो राज्यसभा सीटों के लिए कुल तीन उम्मीदवार मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं:

​बैद्यनाथ राम (झारखंड मुक्ति मोर्चा – JMM)

​प्रणव झा (कांग्रेस)

​परिमल नथवानी (भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार)

​संख्या बल के लिहाज से ‘इंडिया’ गठबंधन की स्थिति बेहद मजबूत दिख रही है, लेकिन एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार की मौजूदगी और एनडीए खेमे की आक्रामक रणनीति ने इस चुनाव को बेहद दिलचस्प और प्रतिष्ठा का मुकाबला बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *