Saturday, June 13, 2026
राजनीति

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा कदम: अजय माकन समेत 3 वरिष्ठ नेता बनाए गए पर्यवेक्षक

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा कदम: अजय माकन समेत 3 वरिष्ठ नेता बनाए गए पर्यवेक्षक

​नई दिल्ली / चंडीगढ़:

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने राज्य में संगठन को मजबूत करने और अंदरूनी खींचतान को सुलझाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वरिष्ठ नेता अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव को तत्काल प्रभाव से पंजाब का अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

​यह त्रिसदस्यीय कमेटी पंजाब के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य और जमीनी हकीकत का आकलन करेगी तथा अपनी विस्तृत रिपोर्ट सीधे पार्टी हाईकमान को सौंपेगी।

​प्रदेश नेतृत्व और संगठन में बदलाव की अटकलें तेज

​कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में पिछले कुछ समय से नेतृत्व को लेकर खींचतान तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस के भीतर इस समय दो स्पष्ट गुट दिखाई दे रहे हैं:

​पहला गुट: मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कमान सौंपने की पैरवी कर रहा है.

​दूसबर गुट: इस बदलाव का कड़ा विरोध कर रहा है और वर्तमान व्यवस्था को ही बनाए रखना चाहता है।

​इस बीच पूर्व मंत्री विजय इन्द्र सिंगला का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष पद की इस दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। सिर्फ संगठन ही नहीं, बल्कि विधानसभा में विधायक दल (CLP) के नेता प्रताप सिंह बाजवा को भी बदलने पर विचार चल रहा है।

​जमीनी हालात का आकलन करेगी माकन कमेटी

​चुनावों में अब करीब 8 महीने का समय बचा है, जिसे देखते हुए हाईकमान कोई भी बड़ा कदम उठाने से पहले पूरी सतर्कता बरत रहा है। अजय माकन की अगुवाई में बनी यह कमेटी राज्य के सभी गुटों और प्रमुख नेताओं से मिलकर रायशुमारी करेगी।

​कमेटी में शामिल नेताओं के पास लंबा संगठनात्मक अनुभव है:

​अजय माकन: कांग्रेस के केंद्रीय कोषाध्यक्ष हैं.

​मीनाक्षी नटराजन: पार्टी की तेलंगाना प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं।

​भजन लाल जाटव: राजस्थान के करौली-धौलपुर से लोकसभा सदस्य हैं।

​हाईकमान की बैठकें और बदलाव से इनकार

​पंजाब कांग्रेस के मुद्दों को लेकर पिछले कुछ हफ्तों में केंद्रीय नेतृत्व दो अहम बैठकें भी कर चुका है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी ने फिलहाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के नेतृत्व में किसी भी तरह के तत्काल बदलाव की बात से साफ इनकार किया है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट आने के बाद ही हाईकमान संगठन में किसी संभावित फेरबदल पर अंतिम निर्णय लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *