बॉक्स ऑफिस पर राम चरण का तूफान: ‘पेड्डी’ ने पहले दिन की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग, कमाए 135 करोड़ से ज्यादा
बॉक्स ऑफिस पर राम चरण का तूफान: ‘पेड्डी’ ने पहले दिन की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग, कमाए 135 करोड़ से ज्यादा
मुंबई। साउथ सिनेमा के ग्लोबल स्टार राम चरण की मोस्ट-अवेडेट फिल्म ‘पेड्डी’ (Peddi) ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु, बोमन ईरानी और रवि किशन जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हिम्मत, जज्बे और एक ग्रामीण एथलीट के संघर्ष की दिल छू लेने वाली इस कहानी को फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है, जिसका असर फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर साफ नजर आ रहा है।
पहले ही दिन 100 करोड़ के पार, मेकर्स ने शेयर किए आंकड़े
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक तौर पर पहले दिन के कलेक्शन के आंकड़े शेयर कर इसकी ब्लॉकबस्टर ओपनिंग की जानकारी दी है। मेकर्स के मुताबिक, ‘पेड्डी’ ने अपने पहले ही दिन दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस (Worldwide Box Office) पर 135.36 करोड़ रुपये से ज्यादा का शानदार ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस धमाकेदार शुरुआत के साथ ही ‘पेड्डी’ साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। फिल्म को मिल रही जबरदस्त तारीफों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि यह वीकेंड पर कमाई के कई नए रिकॉर्ड स्थापित करेगी।
राम चरण ने रचा इतिहास, इस क्लब में शामिल होने वाले 5वें एक्टर
यह शानदार कामयाबी मेगास्टार राम चरण के करियर के लिए बेहद खास है। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आरआरआर’ (RRR) के बाद ‘पेड्डी’ उनके करियर की दूसरी ऐसी फिल्म बन गई है जिसने ओपनिंग डे पर ही 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई का आंकड़ा पार किया है। इसी के साथ राम चरण सिनेमा जगत के इतिहास में एक से ज्यादा बार 100 करोड़ रुपये से बड़ी ओपनिंग देने वाले दुनिया के सिर्फ पांचवें अभिनेता बन गए हैं।
क्या है ‘पेड्डी’ की कहानी?
बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पेड्डी’ एक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा है। इस फिल्म में राम चरण ने एक क्रॉसओवर एथलीट का मुख्य किरदार निभाया है, जो खेल की दुनिया में अपनी धाक जमाने के साथ-साथ अपने समाज के आत्मसम्मान और पहचान के लिए लड़ता है। फिल्म के गाने, दमदार डायलॉग्स और राम चरण का फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में पूरी तरह कामयाब साबित हो रहा है।
