खेल

भारतीय टी20 क्रिकेट में बड़े बदलाव की तैयारी: श्रेयस अय्यर होंगे नए कप्तान, तिलक वर्मा को मिल सकती है उपकप्तानी

भारतीय टी20 क्रिकेट में बड़े बदलाव की तैयारी: श्रेयस अय्यर होंगे नए कप्तान, तिलक वर्मा को मिल सकती है उपकप्तानी

​नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 फॉर्मेट में एक बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का टीम इंडिया का अगला टी20 कप्तान बनना लगभग तय माना जा रहा है। वह मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह लेंगे। हालांकि, हाल ही में हुई बीसीसीआई (BCCI) की एपेक्स काउंसिल की ऑनलाइन मीटिंग में टी20 कप्तानी के मुद्दे पर आधिकारिक तौर पर कोई चर्चा नहीं हुई थी, लेकिन बोर्ड के शीर्ष पदाधिकारियों को श्रेयस अय्यर को कप्तान नियुक्त करने की आंतरिक इच्छा के बारे में सूचित कर दिया गया है।

​माना जा रहा है कि 6 जून (शनिवार) को टीम के चयन के लिए होने वाली चयनकर्ताओं और कोच की अहम बैठक में श्रेयस अय्यर से बतौर कप्तान परामर्श लिया जाएगा।

​तिलक वर्मा को बड़ी जिम्मेदारी, सिलेक्टर्स और कोच एकमत

​कप्तान के साथ-साथ टीम के उपकप्तान को लेकर भी बोर्ड ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। खबरों के मुताबिक, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भारतीय टी20 टीम का नया उपकप्तान बनाया जा सकता है। श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपने के साथ-साथ बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी तिलक को उपकप्तान की जिम्मेदारी देने के लिए पूरी तरह सहमत हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि श्रेयस को कप्तान और तिलक को उपकप्तान बनाने का यह फैसला सेलेक्टर्स और हेड कोच की सर्वसम्मति (आपसी तालमेल) से लिया गया है।

​6 जून को होगा आधिकारिक एलान, सूर्यकुमार यादव की छुट्टी तय!

​आयरलैंड दौरे पर होने वाली आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के स्क्वॉड का एलान 06 जून को किया जाएगा। इसी घोषणा के साथ ही श्रेयस अय्यर के नाम पर आधिकारिक मुहर लग जाएगी।

​इस बड़े बदलाव के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने के बाद बतौर खिलाड़ी टीम में जगह मिलेगी? हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन बोर्ड के संकेतों से यह साफ है कि सूर्या को शायद मुख्य टीम में भी जगह न मिले। हाल ही में एशियन गेम्स के लिए जारी हुई संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट से भी सूर्यकुमार यादव का नाम गायब था, जिससे यह अंदेशा और गहरा गया है कि टी20 फॉर्मेट से उनकी पूरी तरह छुट्टी हो सकती है।

​युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

​आयरलैंड दौरे के लिए चुनी जाने वाली टीम में युवा प्रतिभाओं को तरजीह दी जा सकती है, जिसमें सबसे बड़ा नाम वैभव सूर्यवंशी का आ रहा है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को इस दौरे पर भारतीय टीम में शामिल किए जाने की पूरी उम्मीद है। वैभव ने आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाते हुए सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का गौरव हासिल किया था। उन्होंने इस सीजन की 16 पारियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से कुल 776 रन कूटे थे। उनके इसी धमाकेदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *