अफगानिस्तान टेस्ट से पहले कोच गंभीर के संकेत: देवदत्त पडिक्कल पर भारी पड़ेंगे साई सुदर्शन, श्रीलंका दौरे के लिए तैयार हो रहे 4 स्पिनर
अफगानिस्तान टेस्ट से पहले कोच गंभीर के संकेत: देवदत्त पडिक्कल पर भारी पड़ेंगे साई सुदर्शन, श्रीलंका दौरे के लिए तैयार हो रहे 4 स्पिनर
न्यू चंडीगढ़। भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (6 जून) से शुरू होने वाले एकमात्र ऐतिहासिक टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम संयोजन और खिलाड़ियों के चयन को लेकर कई महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गंभीर ने साफ किया कि युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने के उचित मौके नहीं मिले हैं और कल से शुरू हो रहे मैच में उन्हें देवदत्त पडिक्कल पर प्राथमिकता दी जा सकती है। इसके साथ ही कोच ने आगामी श्रीलंका दौरे को ध्यान में रखते हुए स्पिन गेंदबाजी विभाग को लेकर भी अपनी बड़ी योजना का खुलासा किया।
’साई सुदर्शन को नहीं मिला उचित मौका, आईपीएल की फॉर्म का मिलेगा फायदा’
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के विकल्प को लेकर बात करते हुए गौतम गंभीर ने साई सुदर्शन का पुरजोर समर्थन किया। गंभीर ने पत्रकारों से कहा, “साई सुदर्शन को अब तक उचित मौका नहीं मिला है। उन्होंने अपने अधिकतर मैच इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में खेले और मुझे लगता है कि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।”
कोच ने सुदर्शन के हालिया प्रदर्शन का बचाव करते हुए आगे कहा, “हम मैच के लिए केवल 11 खिलाड़ियों का ही चयन कर सकते हैं, लेकिन साई बिल्कुल भी खराब फॉर्म में नहीं हैं। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए आईपीएल में 700 से अधिक रन बनाए हैं। अगर हम महज चार-पांच मैचों के आधार पर साई सुदर्शन के खेल का आकलन करेंगे, तो यह उनके साथ नाइंसाफी होगी और हम कोई ठोस राय नहीं बना पाएंगे।” गंभीर के इस बयान से साफ है कि अफगानिस्तान के खिलाफ नंबर-3 पर साई सुदर्शन का खेलना लगभग तय है।
श्रीलंका दौरे के लिए तैयार हो रहा है चौथा स्पिनर: मानव और हर्ष में टक्कर
इस टेस्ट मैच के जरिए भारतीय टीम मैनेजमेंट भविष्य की बड़ी सीरीज, खासकर अगस्त में होने वाले श्रीलंका दौरे की तैयारियां भी कर रहा है। टीम में बाएं हाथ के स्पिनर के एक स्थान के लिए मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच कड़ी टक्कर है। इस पर गंभीर ने कहा कि भारत को श्रीलंका में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए स्पिन गेंदबाजी के कई मजबूत विकल्प तैयार रखने होंगे।
कोच ने कहा, “मानव सुथार और हर्ष दुबे कुछ हद तक एक जैसे गेंदबाज हैं, लेकिन दोनों के गेंद फेंकने की शैली और एक्शन में कुछ अंतर जरूर हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ यह मैच हमें अपना चौथा स्पिनर तैयार करने में बड़ी मदद करेगा, क्योंकि हम श्रीलंका दौरे पर अपने साथ चार विशेषज्ञ स्पिनर लेकर जाएंगे।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि न्यूजीलैंड दौरे पर टीम को पूरी तरह से अलग परिस्थितियों के लिए तैयारी करनी होगी, जिसके लिए टेस्ट टीम को और मजबूत बनाना जरूरी है।
ऋषभ पंत को सलाह: खेल की शैली नहीं, परिस्थितियों का करें सम्मान
टेस्ट उप-कप्तानी के पद से ऋषभ पंत को हटाए जाने और उनकी हालिया फॉर्म के संदर्भ में बोलते हुए गंभीर ने स्पष्ट किया कि इस आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज को उनका पूरा समर्थन हासिल है, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की गंभीरता को समझना होगा।
भारतीय कोच ने कहा, “हम ऋषभ पंत की स्वाभाविक खेल शैली में किसी भी तरह का बदलाव नहीं चाहते हैं। वह जैसे खेलते हैं, वैसे ही खेलें। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के ऊंचे स्तर पर यह बेहद जरूरी होता है कि खिलाड़ी मैच की परिस्थितियों को समझें और उसका सम्मान करते हुए बल्लेबाजी करें।”
