सेहत का खजाना है सेंधा नमक: पाचन दुरुस्त करने से लेकर सूजन घटाने तक हैं कई फायदे, पर ये लोग रहें सावधान
सेहत का खजाना है सेंधा नमक: पाचन दुरुस्त करने से लेकर सूजन घटाने तक हैं कई फायदे, पर ये लोग रहें सावधान
नई दिल्ली। नमक के बिना भोजन बेस्वाद लगता है। सब्जी हो या कोई भी चटपटी चीज, स्वाद के लिए नमक का होना बहुत जरूरी है। ज्यादातर घरों में बाजार में बिकने वाले सामान्य आयोडीन नमक का इस्तेमाल होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्राकृतिक रूप से मिलने वाला सेंधा नमक (रॉक सॉल्ट) कई तरह के खनिज और लवणों से भरपूर होता है, जो शरीर को अनगिनत फायदे देता है।
प्रकृति की अनमोल देन माना जाने वाला सेंधा नमक स्वाद में सामान्य आयोडीन नमक की तुलना में थोड़ा कम नमकीन होता है। दिखने में यह हल्का गुलाबी या कभी-कभी सफेद रंग का होता है। इसमें सोडियम, क्लोराइड, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम, ब्रोमाइन और फ्लोराइन जैसे जरूरी खनिज पाए जाते हैं, जो शरीर के पूरे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। आइए जानते हैं सेंधा नमक से मिलने वाले फायदों और इसके इस्तेमाल के तरीकों के बारे में।
पाचन तंत्र को बनाता है मजबूत
सेंधा नमक के सेवन से पाचन से जुड़ी कई परेशानियां दूर होती हैं। अगर खाना ठीक से पचता नहीं है या पाचन अग्नि कमजोर है, तो सेंधा नमक इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह नमक शरीर में पाचन रस के निर्माण में मदद करता है, जिससे भोजन पेट में सड़ता नहीं है बल्कि अच्छे से पच जाता है।
खांसी-जुकाम और सूजन में असरदार
सर्दी की वजह से होने वाले जुकाम और खांसी की परेशानी में भी सेंधा नमक काफी लाभकारी है। यह शरीर के भीतर जमा कफ को तोड़ने का काम करता है और जुकाम से राहत देता है। इसके लिए सेंधा नमक को हल्दी या अदरक के साथ मिलाकर लिया जा सकता है। इसके अलावा, शरीर के किसी भी हिस्से में होने वाली सूजन को कम करने में भी यह मददगार है। इसका सेवन अंदरूनी सूजन को कम करता है, और अगर बाहरी हिस्से में सूजन हो, तो इसके पानी से सिकाई की जा सकती है।
ब्लड प्रेशर और मसूड़ों की समस्याओं में राहत
हाई बीपी से पीड़ित मरीज भी सीमित मात्रा में सेंधा नमक का सेवन कर सकते हैं। संतुलित मात्रा में इसका उपयोग बीपी को नियंत्रित रखने और रक्त संचार (ब्लड सर्कुलेशन) को सुचारू रूप से चलाने में मदद करता है, जिससे दिल की सेहत बेहतर रहती है। इसके साथ ही, दांतों और मसूड़ों की दिक्कतों जैसे मसूड़ों में सूजन, खून आना या दांतों की कमजोरी में हल्दी, सरसों के तेल और सेंधा नमक को मिलाकर मालिश करने से काफी आराम मिलता है।
इन लोगों को भूलकर भी नहीं करना चाहिए सेवन
जहां एक तरफ सेंधा नमक के कई फायदे हैं, वहीं कुछ लोगों के लिए इसका सेवन नुकसानदेह साबित हो सकता है। गर्भवती महिलाओं, थायरायड के मरीजों और किडनी की बीमारी से ग्रस्त लोगों को सेंधा नमक का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, सेंधा नमक में सोडियम की मात्रा ज्यादा और आयोडीन की मात्रा कम होती है। गर्भवती महिलाओं और थायरायड के मरीजों के लिए आयोडीन बेहद जरूरी तत्व है, जबकि किडनी के मरीजों को सोडियम के अधिक सेवन से बचने की सलाह दी जाती है।
