IPL फाइनल वीडियो विवाद पर नुसरत भरूचा ने तोड़ी चुप्पी, बताई सच्चाई
IPL फाइनल वीडियो विवाद पर नुसरत भरूचा ने तोड़ी चुप्पी, बताई सच्चाई
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो और उसे लेकर पैदा हुए विवाद के कारण चर्चा में हैं। दरअसल, हाल ही में संपन्न हुए आईपीएल फाइनल मैच के दौरान रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिसे लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह के दावे और कयास लगाने शुरू कर दिए थे। अब इस पूरे विवाद पर खुद नुसरत भरूचा ने सामने आकर अपनी सफाई दी है और वायरल आवाजों के पीछे का पूरा सच उजागर किया है।
नुसरत भरूचा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरी सेक्शन पर कई तस्वीरें, स्क्रीनशॉट और एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा, “कुछ लोगों ने इस मामले को जरूरत से ज्यादा तूल दे दिया है। एक छोटे से पपी (कुत्ते का बच्चा) के रोने की आवाज को लेकर इतना बड़ा विवाद खड़ा कर दिया गया। हद तो तब हो गई जब किसी ने मेरी तरफ से सोशल मीडिया पर एक झूठी सफाई (फेक स्टेटमेंट) भी जारी कर दी, जबकि वह बयान मैंने कभी दिया ही नहीं था।”
दोस्तों के घर मैच देखने के दौरान का है वाकया
अभिनेत्री ने पोस्ट में स्थिति को स्पष्ट करते हुए बताया, “जिस दिन यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया था, उस दिन मैं अपने दोस्तों के घर पर आईपीएल का फाइनल मैच देख रही थी। उसी दौरान मेरे दोस्तों का एक पालतू पपी रोने जैसी आवाजें निकाल रहा था, जो कि स्वाभाविक था। वही आवाजें उस समय मेरे वीडियो में बैकग्राउंड में रिकॉर्ड हो गईं। मेरे एक दोस्त ने उसी समय दूसरे एंगल से एक और वीडियो बनाया था, जिसमें वही पपी और उसकी आवाजें साफ-साफ देखी और सुनी जा सकती हैं।”
डर की वजह से डिलीट किया था वीडियो
विवाद को बढ़ता देख नुसरत ने सबूत के तौर पर एक और वीडियो साझा किया, जिसमें वह घर और वह पालतू पपी भी दिखाई दे रहा है। अभिनेत्री ने कहा, “यह वीडियो उसी रात का है जो कुछ देर बाद रिकॉर्ड किया गया था। शुरुआत में मुझे मेरे करीबियों ने सलाह दी थी कि मैं अपनी वह पुरानी वीडियो डिलीट कर दूं, क्योंकि कुछ लोग उसका गलत मतलब निकाल सकते हैं। इसी आशंका और डर की वजह से मैंने वीडियो हटा दी थी, लेकिन बाद में वही हुआ जिसका डर था। लोगों ने बिना सच्चाई जाने तरह-तरह की मनगढ़ंत बातें बनानी शुरू कर दीं।”
ट्रोलर्स से की जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील
वीडियो के जरिए नुसरत भरूचा ने सोशल मीडिया पर बिना सोचे-समझे ट्रोल करने वालों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हाथ में मोबाइल फोन होने का मतलब यह कतई नहीं है कि आप किसी को भी मानसिक रूप से परेशान करें या किसी के बारे में भी झूठी बातें फैलाएं। किसी भी वायरल चीज पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय पहले उसकी सच्चाई को सोचें, समझें और फिर जिम्मेदारी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दें।
