खेल

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर रचा गया इतिहास: बना 150 टेस्ट मैचों की मेजबानी करने वाला दुनिया का पहला क्रिकेट ग्राउंड  

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर रचा गया इतिहास: बना 150 टेस्ट मैचों की मेजबानी करने वाला दुनिया का पहला क्रिकेट ग्राउंड  

​लंदन: न्यूजीलैंड और मेजबान इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 4 जून से लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू हो गया है। इस मुकाबले में कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इसी के साथ क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ‘लॉर्ड्स’ के नाम एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई है, जो विश्व क्रिकेट के इतिहास में अब तक किसी अन्य वेन्यू के नाम नहीं थी।

​टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों की मेजबानी करने के मामले में लॉर्ड्स पहले ही शीर्ष पर काबिज था। आज का मुकाबला शुरू होते ही यह मैदान दुनिया का पहला ऐसा स्टेडियम बन गया है, जिसने अपने यहां 150 टेस्ट मैच आयोजित किए हैं।

​साल 1884 में लॉर्ड्स में खेला गया था पहला टेस्ट

​इंग्लैंड के इस ऐतिहासिक मैदान पर पहला टेस्ट मैच साल 1884 में खेला गया था। क्रिकेट इतिहास में इसके विशेष महत्व के कारण इंग्लैंड का दौरा करने वाली हर टीम लॉर्ड्स के मैदान पर कम से कम एक मैच खेलने की ख्वाहिश जरूर रखती है। इस मैदान पर कई बड़े ऐतिहासिक टूर्नामेंट के फाइनल खेले गए हैं, जिसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तीसरे संस्करण का खिताबी मुकाबला भी शामिल है, जो ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच इसी मैदान पर खेला गया था।

​यदि आज के मुकाबले को छोड़ दिया जाए, तो इससे पहले यहां खेले गए 149 टेस्ट मैचों में से 54 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 44 मैचों में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम बाजी मारने में सफल रही है। इसके अलावा यहां खेले गए 51 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।

​मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड दूसरे स्थान पर, भारत में ईडन गार्डन्स आगे

​सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों की मेजबानी करने के मामले में लॉर्ड्स के बाद दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया का ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) आता है, जहां अब तक कुल 118 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर भी ऑस्ट्रेलिया का ही सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) है, जो अब तक 114 टेस्ट मैचों की मेजबानी कर चुका है।

​अगर भारतीय मैदानों की बात करें तो भारत में सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों की मेजबानी करने का रिकॉर्ड कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स स्टेडियम के नाम है, जहां अब तक कुल 43 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं।

​सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों की मेजबानी करने वाले दुनिया के शीर्ष मैदान:

​लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड (इंग्लैंड): 150 टेस्ट मैच

​मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (ऑस्ट्रेलिया): 118 टेस्ट मैच

​सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (ऑस्ट्रेलिया): 114 टेस्ट मैच

​केनिंग्टन ओवल (इंग्लैंड): 108 टेस्ट मैच

​ओल्ड ट्रैफर्ड (इंग्लैंड): 86 टेस्ट मैच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *