पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीच बढ़ी EV की मांग, 10 लाख से कम में मिल रही हैं ये शानदार इलेक्ट्रिक कारें
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीच बढ़ी EV की मांग, 10 लाख से कम में मिल रही हैं ये शानदार इलेक्ट्रिक कारें
पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण पारंपरिक वाहनों की बिक्री में कुछ सुस्ती देखी जा रही है। वहीं दूसरी ओर, ईवी (Electric Vehicle) सेगमेंट के वाहनों की बिक्री में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। बीते महीने भी पेट्रोल-डीजल कारों के मुकाबले ईवी की बिक्री में भारी बढ़ोतरी देखी गई, जहां करीब 26 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों को खरीदा गया।
अगर आप भी अपने लिए एक नई गाड़ी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं और आपका बजट 10 लाख रुपये से कम है, तो भारतीय बाजार में प्रमुख कार निर्माताओं की ओर से ये बेहतरीन विकल्प ऑफर किए जा रहे हैं:
टाटा टियागो ईवी (Tata Tiago EV)
टाटा मोटर्स ने हाल ही में टियागो ईवी का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च किया है। निर्माता की ओर से इस कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये तय की गई है, जो इसे देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार बनाती है। ड्राइविंग रेंज की बात करें तो इस कार को सिंगल चार्ज के बाद 226 किलोमीटर से लेकर 285 किलोमीटर तक आसानी से चलाया जा सकता है।
एमजी कॉमेट ईवी (MG Comet EV)
एमजी मोटर्स की कॉमेट ईवी भी भारतीय बाजार में एक लोकप्रिय विकल्प बनकर उभरी है। यह कार कई आधुनिक और बेहतरीन फीचर्स के साथ आती है। एमजी कॉमेट ईवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.50 लाख रुपये है। कंपनी का दावा है कि इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद 230 किलोमीटर तक का सफर तय किया जा सकता है।
टाटा पंच ईवी (Tata Punch EV)
टाटा की ओर से बजट सेगमेंट में टियागो के अलावा पंच ईवी का विकल्प भी मौजूद है। इस इलेक्ट्रिक माइक्रो एसयूवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.69 लाख रुपये है। रेंज के मामले में भी यह काफी दमदार है, जिसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद वेरिएंट के आधार पर 275 से 350 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।
