उत्तराखंड

हरिद्वार में 12 साल के मासूम को निवाला बनाने वाला आदमखोर मगरमच्छ कैद, गांव में पसरा मातम

हरिद्वार में 12 साल के मासूम को निवाला बनाने वाला आदमखोर मगरमच्छ कैद, गांव में पसरा मातम

हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक मासूम बच्चे को अपना निवाला बनाने वाले आदमखोर मगरमच्छ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर लिया है। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस तो ली है, लेकिन 12 साल के बालक की मौत से पूरे बंजारेवाला गांव में मातम छाया हुआ है।

​खौफनाक मंजर: स्टोन क्रशर के पास किया हमला

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंजारेवाला गांव निवासी रामकुमार का 12 वर्षीय पुत्र राम स्टोन क्रशर के समीप मौजूद था। इसी दौरान अचानक पानी से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने मासूम पर हमला कर दिया और उसे खींचकर गहरे पानी में ले गया। इस खौफनाक मंजर को देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस व वन विभाग को सूचित किया गया।

​पुलिस और वन विभाग का संयुक्त अभियान

​सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना प्रभारी निरीक्षक अंकुर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी मशक्कत के बाद मासूम का शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

वहीं, दूसरी ओर वन विभाग की टीम ने आदमखोर मगरमच्छ को पकड़ने के लिए बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कई घंटों की कड़ी घेराबंदी और मेहनत के बाद आखिरकार मगरमच्छ को जाल में फंसा लिया गया। वन विभाग की टीम मगरमच्छ को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर ले गई है।

​परिवार में मचा कोहराम, गांव में दहशत

​इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक राम के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। हालांकि मगरमच्छ के पकड़े जाने से ग्रामीणों की दहशत कम हुई है, लेकिन लोगों में इस बात को लेकर गहरा दुख है कि एक हंसता-खेलता बच्चा काल के गाल में समा गया।

​ग्रामीणों की मांग: घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी रोष था और वे वन विभाग से जल्द से जल्द मगरमच्छ को पकड़ने की मांग कर रहे थे। फिलहाल, पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए गांव में तांता लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *