IPL 2026: हैदराबाद का ‘ईडन’ गार्डन में कोहराम, कोलकाता को 65 रनों से रौंदकर दर्ज की पहली जीत
IPL 2026: हैदराबाद का ‘ईडन’ गार्डन में कोहराम, कोलकाता को 65 रनों से रौंदकर दर्ज की पहली जीत
कोलकाता: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनके घर ईडन गार्डन्स में 65 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। सीजन के अपने पहले मैच में हार झेलने के बाद, हैदराबाद ने इस शानदार जीत के साथ जोरदार वापसी की है। 227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की पूरी टीम 16 ओवरों में 161 रनों पर ढेर हो गई।
क्लासेन और अभिषेक का तूफ़ान
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत विस्फोटक रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (48 रन, 21 गेंद) और ट्रेविस हेड (46 रन, 21 गेंद) ने पावरप्ले में ही केकेआर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए मात्र 35 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, जबकि नीतीश रेड्डी ने अंत में 24 गेंदों पर 39 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए।
केकेआर की ओर से ब्लेसिंग मुजराबानी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 41 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
कोलकाता की खराब शुरुआत और मध्यक्रम का संघर्ष
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को फिन एलन (28 रन) ने तेज शुरुआत जरूर दिलाई, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ा नहीं कर सके। इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने एक तरफ से मोर्चा संभालते हुए 52 रनों (29 गेंद) की साहसी पारी खेली और रिंकू सिंह (35 रन) के साथ मिलकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही केकेआर की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
गेंदबाजी में हैदराबाद का दबदबा
हैदराबाद के गेंदबाजों ने आज सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी की। जयदेव उनादकट ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि ईशान मलिंगा और नीतीश रेड्डी को 2-2 सफलताएं मिलीं। केकेआर की पारी 16वें ओवर में ही सिमट गई।
मैच का संक्षिप्त स्कोरकार्ड:
SRH: 226/8 (20 ओवर) – क्लासेन 52, अभिषेक 48; मुजराबानी 4/41
KKR: 161/10 (16 ओवर) – रघुवंशी 52, रिंकू 35; उनादकट 3/21
नतीजा: सनराइजर्स हैदराबाद 65 रनों से जीता।
इस जीत के साथ हैदराबाद ने पॉइंट्स टेबल में अपना खाता खोल लिया है, जबकि कोलकाता को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।
