मनोरंजन

‘शरीर खराब किया’, जाकिर खान ने कॉमेडी से लिया लंबा ब्रेक: जेनेटिक बीमारियों और अनियमित जीवनशैली का बताया कारण

‘शरीर खराब किया’, जाकिर खान ने कॉमेडी से लिया लंबा ब्रेक: जेनेटिक बीमारियों और अनियमित जीवनशैली का बताया कारण

मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने अचानक कॉमेडी और लाइव परफॉर्मेंस से लंबा ब्रेक लेने का ऐलान किया है। उन्होंने खुलासा किया कि परिवार में कुछ जेनेटिक (आनुवंशिक) बीमारियां हैं, जो उम्र के साथ बढ़ती हैं, और खुद उन्होंने भी अपने शरीर को काफी नुकसान पहुंचाया है। जाकिर ने कहा, “मैंने खुद अपना शरीर खराब किया है।”

जाकिर खान ने गल्फ न्यूज को दिए इंटरव्यू में इसकी वजह बताई। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 साल से लगातार टूर, रोजाना 2-3 शो, सिर्फ 2 घंटे की नींद, अनियमित खान-पान और सुबह-सुबह की फ्लाइट्स ने उनके शरीर पर गहरा असर डाला है। “जब आप 10 साल तक एक्सीलरेटर पर पैर रखे रहते हैं, तो बॉडी पर असर पड़ता ही है। मैंने सोचा था काम के साथ सेहत भी संभाल लूंगा, लेकिन पिछले साल यूएस टूर के दौरान समझ आया कि अब रुकना जरूरी है,” उन्होंने कहा।

जाकिर ने आगे बताया कि परिवार में कुछ जेनेटिक बीमारियां हैं, जो एक खास उम्र के बाद सामने आती हैं। “मुझे अपनी सेहत का ख्याल रखना है। परिवार में कुछ जेनेटिक इलनेस हैं जो उम्र के साथ सरफेस करती हैं। ऊपर से मैंने खुद बॉडी डैमेज कर ली—2 घंटे सोकर हजारों लोगों से मिलना, हर शहर में उतरते ही मीटिंग्स।”

यह फैसला उन्होंने हैदराबाद में अपने ‘पापा यार’ टूर के दौरान एक लाइव शो में लिया, जहां वे भावुक होकर बोले, “मैं लंबे ब्रेक पर जा रहा हूं। शायद 2028-29 तक, या फिर 2030 तक भी। यह 3, 4 या 5 साल का ब्रेक होगा, जिसमें मैं अपनी सेहत का ख्याल रखूंगा और कुछ पर्सनल चीजें सुलझाऊंगा।” उन्होंने कहा कि जून 2026 तक के शो सेलिब्रेशन होंगे, उसके बाद ब्रेक।

जाकिर ने पहले भी सितंबर 2025 में इंस्टाग्राम पर लिखा था कि पिछले एक साल से वे अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, लेकिन काम जारी रखा क्योंकि “जरूरी लगा”। अब डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने लंबा ब्रेक लिया है। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस फैसले की तारीफ की है, इसे ‘बर्नआउट’ और ‘हसल कल्चर’ के खिलाफ मजबूत कदम बताया है।

फैंस निराश हैं, लेकिन कई ने उनकी हिम्मत की सराहना की। जाकिर ने कहा कि वे कॉमेडी से दूर नहीं हो रहे, बस सेहत पहले। “मैं 80 साल तक कॉमेडी करना चाहता हूं, इसलिए अब हेल्दी रहने की कोशिश करूंगा।”

यह ब्रेक भारतीय कॉमेडी सीन के लिए बड़ा झटका है, जहां जाकिर ‘हैदराबाद’, ‘काक्षा ग्यारवी’, ‘तथास्तु’ जैसी स्पेशल्स और ‘चाचा विधायक हैं हमारे’ सीरीज से लाखों फैंस बना चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *