Friday, June 26, 2026
उत्तराखंड

पौड़ी गढ़वाल: पीएचसी पाटीसैण में घायल को जमीन पर लिटाया, वीडियो वायरल; स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

पौड़ी गढ़वाल: पीएचसी पाटीसैण में घायल को जमीन पर लिटाया, वीडियो वायरल; स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

पौड़ी गढ़वाल जिले के एकेश्वर ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पाटीसैण में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार को गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति अर्जुन भंडारी (42 वर्ष) को उपचार के लिए लाया गया, लेकिन अस्पताल में बेड उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें परिसर में जमीन पर लिटा दिया गया। बिना किसी समुचित सुविधा के घंटों तक छोड़ दिए जाने की यह घटना एक स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

ग्रामीण रेवत सिंह ने बताया, “हमारे क्षेत्र में एक व्यक्ति गिरकर घायल हो गया था। उसे 108 एंबुलेंस से पीएचसी लाया गया, लेकिन वहां बेड पर रखने के बजाय जमीन पर छोड़ दिया गया। पहाड़ी इलाकों में पहले से स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे व्यवहार से लोग गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

ग्रामीणों में रोष है और वे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे सलूक से आम जनता का विश्वास टूटता है।

सीएमओ का बयान: पौड़ी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने कहा, “प्रकरण हमारे संज्ञान में है। जांच करवाई जाएगी। मरीज नशे में था और 108 एंबुलेंस कर्मियों ने उसे जमीन पर छोड़ा। पीएचसी में वार्ड बॉय नहीं हैं, केवल महिला स्टाफ मौजूद थीं, जिससे यह स्थिति बनी। बाद में हालात सामान्य हो गए। कुछ लोग वीडियो बनाकर इसे राजनीतिक रंग दे रहे हैं।”

अर्जुन भंडारी को गांव पिपली से गिरने के बाद चोट लगी थी। उन्हें एक्स-रे के लिए पौड़ी रेफर कर दिया गया है।

यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को उजागर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *