Friday, June 26, 2026
मनोरंजन

मिस फिनलैंड की ‘नस्लवादी’ फोटो से मचा बवाल: फिनलैंड PM ने चीन सहित तीन देशों से मांगी माफी

मिस फिनलैंड की ‘नस्लवादी’ फोटो से मचा बवाल: फिनलैंड PM ने चीन सहित तीन देशों से मांगी माफी

हेलसिंकी: फिनलैंड में नस्लवाद को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 2025 की मिस फिनलैंड साराह जाफ्से ने सोशल मीडिया पर एक फोटो पोस्ट की, जिसमें वे अपनी आंखों को उंगलियों से खींचकर तिरछी बना रही हैं – यह जेस्चर पूर्वी एशियाई लोगों का मजाक उड़ाने वाला माना जाता है। फोटो के कैप्शन में लिखा था “kiinalaisenkaa syömäs” यानी “चीनी व्यक्ति के साथ खाना खाते हुए”। यह पोस्ट नवंबर में वायरल हुई, जिसके बाद चीन, जापान और दक्षिण कोरिया में भारी आक्रोश फैल गया।

साराह ने दावा किया कि यह जेस्चर सिरदर्द के कारण था और कैप्शन दोस्त ने जोड़ा, लेकिन विवाद बढ़ने पर मिस फिनलैंड ऑर्गनाइजेशन ने 11 दिसंबर को उनका टाइटल छीन लिया। उन्होंने चीन और एशियाई समुदाय से माफी मांगी, लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। फिनलैंड की दक्षिणपंथी पार्टी ‘फिन्स पार्टी’ के कुछ सांसदों – जूहो ईरोला, कैसा गारेडेव और सेबेस्टियन टिन्क्किनेन – ने साराह के समर्थन में खुद ऐसी ही फोटो पोस्ट कीं, जिससे विवाद और भड़क गया।

इससे फिनलैंड की इमेज को झटका लगा। एयरलाइन फिनएयर पर बॉयकॉट की कॉल्स आईं और एशियाई देशों में नाराजगी बढ़ी। आखिरकार, 17 दिसंबर को प्रधानमंत्री पेटेरी ओरपो ने फिनलैंड की एम्बेसियों के सोशल मीडिया पर चीन, जापान और दक्षिण कोरिया से औपचारिक माफी मांगी। उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत सांसदों की इन आपत्तिजनक पोस्ट्स के लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं। ये फिनलैंड के समानता और समावेशन के मूल्यों को नहीं दर्शातीं। नस्लवाद और भेदभाव की हमारे समाज में कोई जगह नहीं।”

ओरपो ने इसे “बचकाना और मूर्खतापूर्ण” बताया और कहा कि सरकार नस्लवाद से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। कुछ सांसदों ने माफी मांगी, लेकिन विवाद फिनलैंड की राजनीति में नस्लवाद की बहस को फिर गरमा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना फिनलैंड की अंतरराष्ट्रीय छवि और व्यापारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *