2027 के रण के लिए कांग्रेस ने कसी कमर: हरक सिंह रावत की अगुवाई में देहरादून में मंथन, जल संसाधन टैक्स और टिहरी विस्थापितों को बनाएंगे बड़ा मुद्दा
2027 के रण के लिए कांग्रेस ने कसी कमर: हरक सिंह रावत की अगुवाई में देहरादून में मंथन, जल संसाधन टैक्स और टिहरी विस्थापितों को बनाएंगे बड़ा मुद्दा
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में अभी ढाई साल से ज्यादा का वक्त बाकी है, लेकिन कांग्रेस ने अभी से कमर कस ली है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने 2027 की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में तय हुआ कि भाजपा के 15 साल बनाम कांग्रेस के 10 साल के शासन की तुलना को जनता के बीच ले जाया जाएगा।
प्रमुख मुद्दे जो कांग्रेस 2027 में उठाएगी
जल संसाधन टैक्स: हरक सिंह रावत ने कहा, “राज्य के प्राकृतिक जल संसाधनों से होने वाली आय का टैक्स अभी भी उत्तर प्रदेश जा रहा है। अलग राज्य बनने के बाद संशोधन होना चाहिए था। केंद्र से मांग करेंगे कि यह टैक्स उत्तराखंड को मिले।”
टिहरी विस्थापित: “विभाजन एक्ट में खामियां हैं। जिन्होंने घर-बार, संस्कृति सब छोड़ा, उन्हें मुफ्त बिजली मिलनी चाहिए थी, लेकिन नहीं दी जा रही। यह बड़ा मुद्दा बनेगा।”
ओल्ड पेंशन योजना: कांग्रेस इसे पूरी ताकत से लागू करने की लड़ाई लड़ेगी।
हर जिले का अलग मुद्दा: हर जिले के वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लेकर स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
जमीनी स्तर पर रणनीति
हरक सिंह रावत ने घोषणा की कि युवाओं, किसानों, पूर्व सैनिकों और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का अभियान आज से शुरू।
“आज से हर दिन चुनाव का दिन है” – पोलिंग बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट की बारीकी से निगरानी होगी।
किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर भाजपा सरकार की जन-विरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश कार्यकारिणी 15 दिन में
हरक सिंह ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष करन माहरा किसी कारणवश कार्यकारिणी नहीं बना पाए थे, लेकिन अब हाईकमान ने 15 दिन के अंदर उत्तराखंड कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी गठित करने का आश्वासन दिया है।
हरक सिंह रावत ने कहा, “राजनीति युद्ध है। प्रतिकूल परिस्थितियों को अनुकूल बनाने की पूरी तैयव्यारी कांग्रेस ने कर ली है। 2027 में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।”
बैठक में प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। आने वाले दिनों में जिला स्तर पर भी इसी तरह की बैठकों का दौर चलेगा।
